फतेहपुर मंडाव। ब्लाॅक के एक निजी स्कूल में बुधवार को उत्तर प्रदेश पर्व, हमारी संस्कृति हमारी पहचान कार्यक्रम के तहत कार्यक्रम का आयोजन संस्कृति विभाग की ओर से हुआ। मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि प्रवीण कुंवर सिंह शुभम ने कहा इसका उद्देश्य प्रदेश की प्राचीन कला, संगीत, नृत्य और लोकनाट्य परंपराओं का संरक्षण, संवर्धन और प्रोत्साहन करना है। विशिष्ट अतिथि बीडीओ अनिल कुमार मौर्य ने कहा कि उत्सव का मुख्य उद्देश्य ऐसे ही कलाकारों की पहचान कर उन्हें उनकी योग्यता के अनुरूप मंच प्रदान करना है। इससे वे कला एवं संगीत की मुख्यधारा से जुड़ सकेंगे। इस उत्सव के तहत कलाकारों को अवसर दिया जाएगा। यह कार्यक्रम ''संस्कृति उत्सव 2025-26'' की प्रतियोगिताएं तीन चरणों में आयोजित होंगी। प्रथम चरण में गांव, पंचायत, ब्लॉक और तहसील स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित कर जनपद स्तर के कलाकारों का चयन किया जाएगा।
द्वितीय चरण में 17 से 19 जनवरी तक जनपद स्तर से चयनित कलाकारों की प्रतियोगिता मंडलीय मुख्यालयों पर होगी। अंतिम चरण में 22 जनवरी को मंडल स्तर के चयनित कलाकार प्रदेश की राजधानी में अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। यह उत्सव प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को सशक्त करेगा और नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस अवसर पर डॉ. संजीव कुमार मल्ल, ओमप्रकाश मौर्य, मीरा सिंह, हरि राजभर, नीतीश तिवारी मौजूद थे। ज्योतसना मिश्र, अंजू यादव ने सांस्कृतिक कला का आकलन कर रिपोर्ट अपने साथ ले गई।