मऊ। जिले के सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों को मार्च माह के आखिरी बृहस्पतिवार को मध्याह्न भोजन में फल वितरित किए जाएंगे। शासन की तरफ से छात्र-छात्राओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए पोषक तत्व उपलब्ध कराने का फरमान जारी किया गया है। बीएसए ने सभी बीईओ को आदेश जारी किए हैं। जिले के 1420 सरकारी विद्यालयों मेें 1.90 लाख बच्चे अध्ययनरत हैं। इन्हें कुपोषण से बचाने के लिए मिड-डे-मील योजना संचालित है। अभी तक मध्याह्न भोजन में प्रत्येक सोमवार को फल वितरित किया जाता है। शासन की तरफ से मार्च माह के अंतिम बृहस्पतिवार को मध्याह्न भोजन योजना के तहत अतिरिक्त ताजा फल वितरित कराए जाएंगे। यह फल मौसम के हिसाब से वितरित किए जाएंगे। अधिकारियों के अनुसार चार रुपये प्रति छात्र की दर से अतिरिक्त फल के लिए बजट जारी किए गए हैं। ताजे फल अमरूद, केला, सेव, संतरा, नाशपाती, चीकू, आडू व शरीफा आदि वितरित किए जा सकते हैं। इनका वितरण सुबह में स्कूल आते ही करने को कहा गया है। कटे फल पपीता, तरबूज, खरबूजा आदि वितरित नहीं करने के निर्देश दिए हैं। बीएसए डॉ. संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मार्च माह के अंतिम बृहस्पतिवार को बच्चों को फल वितरित करने के लिए बजट जारी कर दिया गया है। खंड शिक्षा अधिकारियों को गाइडलाइन जारी कर दिया गया है।