दर्दनाक हादसा: मऊ में बिजली के खंभे से टकराने से दो फुफेरे भाइयों की मौत, नौ घंटे बाद खाई में मिले दोनों के शव
मऊ जिले में अंधे मोड़ बिजली के खंभे से बाइक टकराई, हादसे में दो फुफेरे भाइयों की मौत हो गई। रातभर घरवाले उन्हें तलाशते रहे। नौ घंटे बाद खाई में दोनों के शव मिले। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
विस्तार
मऊ जिले के कोपागंज थाना क्षेत्र के बरलाई-धवरियासाथ मार्ग पर पुल के पास स्थित पूराघाट के पास अंधे मोड़ एक बार फिर दो परिवारों के लिए मातम का कारण बन गया। शनिवार की रात आठ बजे बिजली के खंभे से बाइक टकराने से आकाश (24) और उनके बुआ के बेटे निकेश (26) की मौत हो गई। रात भर परिजनों दोनों की तलाश में थे। रविवार की सुबह पांच बजे शव 15 फीट नीचे खाई में मिली। कुछ दूरी पर बाइक भी पलटी थी। परिजनों और ग्रामीणों ने खंभा हटाने सहित कई मांगों को लेकर करीब चार घंटे तक सड़क जाम कर दिया। अधिकारियों के आश्वासन और पेडो़ं की कटाई होने के बाद सुबह 9:30 बजे जाम समाप्त हुआ।
कुर्थीजाफरपुर पारा निवासी रामआशीष ने बताया कि उनके इकलौते बेटे आकाश और दोहरीघाट थाना के गोठा निवासी बहन का बेटा निकेश शनिवार की रात सात बजे बाजार से सामान घर देकर बाइक से कहीं चले गए। रात नौ बजे तक घर नहीं लौटे तो उन्होंने दोनों को फोन किया, लेकिन फोन नहीं उठा। आसपास खोजबीन के दौरान कुछ लोगों ने बताया कि पूराघाट पुल से पहले कोई दुर्घटना हुई है। अंधेरा होने से कुछ दिखाई नहीं दे रहा था।
रात 12 बजे उन्होंने डायल 112 पर फोन किया और कुर्थीजाफरपुर पुलिस चौकी पर पहुंचकर दोनों के लापता होने की सूचना दी। चौकी प्रभारी सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने रात होने का हवाला दिया और सुबह आठ बजे तलाश शुरू करने की बात कहकर लौटा दिया। परिजन रातभर दोनों को फोन लगाते रहे, लेकिन दोनों का पता नहीं चला।
आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने सड़क चौड़ीकरण, पेड़ काटने और खंभा शिफ्ट करने की मांग के लिए बीच सड़क पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया। कुर्थीजाफरपुर नगर पंचायत की ओर से मजदूरों को बुलाकर इलेक्ट्रानिक ब्लेड से सड़क किनारे 10 पेड़ों को कटवाया गया। तब जाकर परिजनों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने के दिया और जाम समाप्त कर सभी अपने अपने घर चले गए।
लापता युवकों का शव मिलने और जाम लगने की सूचना मिलने पर पहले कुर्थीजाफरपुर चौकी से पुलिसकर्मी पहुंचे, लेकिन लोगों का आक्रोश देख उन्होंने उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। स्थिति नाजुक देख दक्षिण टोला, कोपागंज थाना, सरायलखंसी थाना, मऊ कोतवाली की पुलिस और पीएसी तैनात की गयी। घोसी सीओ सत्येंद्र भूषण तिवारी और तहसीलदार सदर ने पहुंचकर ग्रामीणों से वार्ता शुरू की लेकिन वो मानने को तैयार नहीं थे। सीओ और तहसीलदार ने उन्हें भरोसा दिलाया कि भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए उच्चाधिकारियों से बातचीत कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
आकाश के पिता और सड़क जाम कर रही घर की महिलाओं ने बताया कि समय रहते ठीक तरह से खोजबीन हुई रहती तो बेहतर इलाज से दोनों की जान बचाई जा सकती थी। बताया कि फोन करने पर दोनों के मोबाइल पर लगातार घंटी बज रही थी। जिस समय चौकी पर शिकायत लेकर गए, पुलिस ने सही तरीके से मदद नहीं की। यदि पुलिस ने दोनों का मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगाकर ट्रैक किया होता तो लोकेशन का पता लगाकर उन तक वो पहुंच जाते और समय रहते अस्पताल पहुंचा देते।
कुर्थीजाफरपुर चौकी प्रभारी अर्जुन सिंह ने बताया कि रात करीब दो बजे परिजन युवकों के लापता होने की सूचना लेकर उनके पास पहुंचे थे। करीब दो घंटे तक उनके साथ खोजबीन की गई, लेकिन अंधेरा होने के कारण अभियान सुबह जारी करने को कहा गया। अधिक रात होने के कारण फोन नंबर सर्विलांस पर नहीं लग पाया।
परिजनों की मांग पर मजदूरों को बुलाकर सड़क किनारे से पेड़ों को कटवा दिया गया और झाड़ियां कटवाई गईं। अन्य मांगों को उच्चाधिकारियों तक पहुंचा दिया गया है। खंभा शिफ्ट कराने की मांग को बिजली निगम के अधिशासी अभियंता से बता दिया गया है। चाचा सुनील कुमार की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। -सत्येंद्र भूषण तिवारी,- सीओ, घोसी