मऊ। विशेष संचारी दस्तक रोग नियंत्रण अभियान सहित 12 जानलेवा बीमारियों से बचाव के लिए नगरपालिका चेयरमैन अरशद जमाल ने अधिकारियों की बैठक नगर पालिका परिषद के सभागार में ली। इस मौके पर पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल ने बताया कि रोगों से नगरवासियों को बचाने के सभी उपाय किए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग की टीम डोर टू डोर जाकर लोगों को स्वास्थ्य के संबंध में उचित जानकारियां उपलब्ध कराएंगी। इसके लिए टीकारण के संबंध में फैली हुई भ्रांतियों को दूर करने का कुशल प्रयास किया जाएगा।
कहा कि हम नगर को हर प्रकार से रोगमुक्त बनाने के लिए न सिर्फ संचारी रोगों बल्कि अन्य सभी प्रकार के रोगों से भी बचाव के लिए तत्पर हैं। पालिका स्तर से भी सफाई के साथ मच्छरमार दवाओं का नियमित छिड़काव किया जाता है। उन्होंने सभासदों से अपने वार्ड में हर प्रकार की सफाई को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि डेंगू ऐसे पानी में पनपते हैं जो 24 से 48 घंटों तक उपयोग में नहीं रहता। फ्रीज, गिलास और ऐसे ही अन्य छोटे-छोटे जल पाकेट्स में डेंगू के मच्छर अपने जीवन को परवान चढ़ाते हैं। कहा कि यदि हम उन स्रोतों को ही बंद कर दें तो डेंगू के लार्वा ही नहीं पनप सकेंगे। हम डेंगू जैसी बीमारी से बच सकते हैं। पालिका से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत के लिए पालिका के हेल्प लाइन नंबर 1533 पर संपर्क किया जा सकता है। इस माैके पर सभासदों के अलावा जिला मलेरिया अधिकारी वेदी यादव, निरीक्षक सत्य प्रकाश, राजीव कुमार शुक्ला आदि शामिल रहे।