रानीपुर। विकासखंड क्षेत्र के धर्मसीपुर और कसारी गांव में शनिवार को नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा एवं मंडलायुक्त आजमगढ़ मनीष कुमार चौहान ने पौधारोपण कर पर्यावारण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पौधा लगाने के बाद उसकी बच्चों की तरह देखभाल करनी चाहिए। कैबिनेट मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत लाेगों को पौधारोपण के लिए प्रेरित किया गया है। कहा कि एक मां जो हमें पैदा करती है और दूसरी मां हमारी प्रकृति है। प्रकृति को संरक्षित रखने के लिए पौधारोपण आवश्यक है। उन्होंने वन विभाग को आदेशित किया कि जो भी लोग अपनी भूमि पर पौधा लगाना चाहते हैं उन्हें नि:शुल्क पौधे उपलब्ध कराया जाए। कहा कि पौधों को लगाने के बाद उसको संरक्षित करना सभी की जिम्मेदारी है। कैबिनेट मंत्री ने एनसीसी कैडेट को पौधे वितरित किया। मंडलायुक्त आजमगढ़ मनीष चौहान ने जिला पंचायत कार्यालय, विकासखंड मोहम्मदाबाद गोहना के ग्राम पंचायत खिड़गिलिया एवं विकासखंड रानीपुर के ग्राम पंचायत कसारी में पौधारोपण किया। मंडलायुक्त ने कहा कि बारिश के मौसम में सभी को पौधा लगाना चाहिए। इस दौरान जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र, पुलिस अधीक्षक इलमारन जी, मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत नागर ने भी अपनी मां के नाम पौधारोपण किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय, भाजपा नेता पूनम सरोज, पूजा राय, राकेश मिश्रा, अर्पित उपाध्याय आदि मौजूद थे।