मऊ। यूपी पीसीएस प्री 2022 की परीक्षा रविवार को जिले के 26 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच हुई। 11530 में से 6364 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी जबकि 5166 परीक्षा में शामिल नहीं हुए। परीक्षा में सरल प्रश्नपत्र होने से परीक्षार्थियों में खुश्री दिखी। इस दौरान सुरक्षा कड़े इंतजाम किए गए थे। सुबह साढ़े नौ बजे शुरू होने वाली परीक्षा के लिए अभ्यर्थी घंटाभर पहले ही केंद्रों पर पहुंचने लगे थे। निर्धारित समय से 10 मिनट पहले केंद्र के बाहर खड़े अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग की गई। पहली पाली की परीक्षा में 11530 के मुकाबले 6364 तथा दूसरी पाली में 6309 अभ्यर्थी शामिल हुए। परीक्षा केंद्रों पर नियुक्त किए गए सेक्टर मजिस्ट्रेटों ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। नगर के मुस्लिम इंटर कालेज, तालीमुद्दीन इंटर कालेज, लिटिल फ्लावर चिल्ड्रेन स्कूल, राजकीय पालीटेक्निक, डीसीएसके पीजी कालेज, सोनीधापा बालिका इंटर कालेज, लिटिल फ्लावर इंटरनेशनल स्कूल, सनबीम स्कूल सहित बापू इंटर कालेज, एसएसबी इंटर कालेज, नेशनल इंटर कालेज, नेहरु इंटर कालेज, सेक्रेड हार्ट स्कूल, अमृत पब्लिक स्कूल, किड्स किगडम स्कूल,पब्लिक महिला सहर पीजी कालेज, नेशनल इंटर कालेज, टाउन इंटर कालेज, संत गणिनाथ पीजी कालेज, सर्वोदय पीजी कालेज सहित 26 परीक्षा केंद्रों परीक्षा दी गई। अपर जिलाधिकारी बीपी सिंह ने बताया कि परीक्षा सकुशल संपन्न करा ली गई। परीक्षा देकर अभ्यर्थी उत्साह से भरे रहे। उनके चेहरे पर आत्मविश्वास झलक रहा था। पलिया से परीक्षा देने आई ममता राजभर ने कहा कि पहली बार यूपी पीसीएस प्री की परीक्षा देने आई हैं। पेपर अच्छा हुआ है। मुहम्मदाबादगोहना से आए अमित ने बताया कि पहला प्रयास है। तैयारी के अनुरुप पेपर रहा। नगर के राहुल मौर्या का कहना था कि पहले प्रयास में पेपर शानदार हुआ है। जिले में पेपर होने से गैर जनपद नहीं जाना पड़ा। दुर्गेश उपाध्याय ने बताया कि पेपर काफी अच्छा होने से काफी फील गुड हो रहा है।

अमित।पीसीएस परीक्षा देने वाले अभ्यर्थी।- फोटो : MAU