मऊ। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सोमवार को जिला महिला अस्पताल और दो सीएचसी में विशेष टीकाकरण का आयोजन हुआ। जिसमें केवल महिला बुजुर्गों का टीकाकरण किया गया। जबकि दूसरे बुजुर्गों के लिए 44 अस्पतालों पर एक साथ टीकाकरण किया गया। इस दौरान महिलाओं के लिए बनाए गए विशेष केंद्रों पर 270 बुजुर्ग महिलाओं को टीका लगाया गया। जबकि 44 अस्पतालों पर 2388 बुजुर्गों को टीके की पहली डोज दी गई।
सीएमओ डॉ. सतीशचंद्र सिंह ने कहा कि सोमवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर जिला महिला अस्पताल, दोहरीघाट और फतेहपुर मंडाव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर बुजुर्ग महिलाओं के लिए विशेष टीकाकरण का आयोजन हुआ। जहां महिला जिला अस्पताल में 52, दोहरीघाट में 150 और फतेहपुर मंडाव सीएचसी में 68 महिलाओं को टीका लगाया गया। जला प्रतीरक्षण अधिकारी डॉ. वीके यादव ने बताया कि सोमवार को तीसरे चरण में वृहद रूप से एक साथ बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिकों को टीका लगाने का कार्य शुरू कर दिया गया। इसके तहत नौ ब्लाकों के सीएचसी के साथ 44 सरकारी अस्पतालों में टीकाकरण किया गया। जिसमें सोमवार को 2388 बुजुर्गों का टीकाकरण किया गया। बताया कि जिला अस्पताल, महिला जिला अस्पताल में अवकाश को छोड़कर प्रतिदिन टीकाकरण किया जा रहा है।