Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Mathura News ›   Yogi Adityanath Cancels Agra Visit, Heads to Delhi After BJP Strategy Meeting in Mathura

यूपी: सीएम योगी का आगरा दौरा अचानक रद्द, मथुरा के मंथन के बाद सीधे दिल्ली होंगे रवाना; सियासी हलचल तेज

Tue, 17 Nov 2026 10:32 AM IST
Dhirendra Singh संवाद न्यूज एजेंसी, मथुरा
संवाद न्यूज एजेंसी, मथुरा Published by: Dhirendra Singh Updated Tue, 17 Nov 2026 10:32 AM IST
सार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मंगलवार को प्रस्तावित आगरा दौरा निरस्त हो गया है। मथुरा में भाजपा के चिंतन शिविर में शामिल होने के बाद अब वह दिल्ली रवाना होंगे। उन्हें दिवंगत विधायक छोटेलाल वर्मा के परिजनों से मुलाकात करनी थी, लेकिन कार्यक्रम में अचानक बदलाव से सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं।

विज्ञापन
Yogi Adityanath Cancels Agra Visit, Heads to Delhi After BJP Strategy Meeting in Mathura
सीएम योगी - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

विस्तार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मंगलवार को प्रस्तावित आगरा दौरा निरस्त कर दिया गया है। मथुरा में भाजपा के दो दिवसीय चिंतन शिविर में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री अब दिल्ली रवाना होंगे। पहले उनका कार्यक्रम फतेहाबाद के दिवंगत भाजपा विधायक छोटेलाल वर्मा के परिजनों से मुलाकात करने का था। इस अचानक बदलाव ने राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं को तेज कर दिया है।
विज्ञापन

 
Trending Videos

योगी आदित्यनाथ ने अचानक आगरा का दौरा क्यों रद्द किया?
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को परखम स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो अनुसंधान केंद्र में चल रही भाजपा की बैठक में शामिल होने के बाद बरसाना जाना था, जहां उन्हें दिवंगत पद्मश्री रमेश बाबा को श्रद्धांजलि अर्पित करनी थी। इसके बाद हेलीकॉप्टर से आगरा के खेरिया एयरपोर्ट पहुंचकर शमशाबाद रोड स्थित दिवंगत विधायक छोटेलाल वर्मा के आवास पर जाने का कार्यक्रम था। उत्तर प्रदेश के सियासी गलियारों में इन दिनों भाजपा की चुनावी तैयारियों और संगठनात्मक समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हैं।  मथुरा में भाजपा के दो दिवसीय चिंतन शिविर में पार्टी के शीर्ष नेताओं के जुटने के बाद मुख्यमंत्री का अचानक दिल्ली रवाना होना भी राजनीतिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है। 
विज्ञापन
विज्ञापन

मथुरा में भाजपा की बैठक के बाद योगी आदित्यनाथ दिल्ली क्यों रवाना हुए?
मथुरा में भाजपा की बैठक के बाद योगी आदित्यनाथ के अचनाक दिल्ली जाने को लेकर चर्चा ये भी है कि कुछ समय पहले एक कथित सूची के हवाले से यह दावा किया गया था कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहले चरण में 209 संभावित प्रत्याशियों के नाम हाईकमान को भेजे हैं, जिन्हें जिताऊ उम्मीदवार के तौर पर प्रस्तावित किया गया था। हालांकि, कुछ नेताओं की ओर से इस सूची को अंतिम प्रत्याशियों की सूची के रूप में पेश करने की कोशिश भी हुई थी।
विज्ञापन

योगी आदित्यनाथ आगरा में दिवंगत विधायक छोटेलाल वर्मा के परिवार से क्यों मिलने वाले थे?
आगरा के फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक छोटेलाल वर्मा का 24 सितंबर को बीमारी के कारण निधन हो गया था। सीएम योगी को शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात करनी थी। दौरा निरस्त होने के बाद यह प्रस्तावित मुलाकात भी नहीं हो सकी।  मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम ने तैयारियां भी शुरू कर दी थीं। शमशाबाद रोड स्थित आवास तक जाने वाले मार्ग पर सड़क मरम्मत, विशेष सफाई अभियान और अतिक्रमण हटाने के साथ सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। हालांकि, आगरा का कार्यक्रम निरस्त होने के बाद इन तैयारियों पर विराम लग गया है।

राजनीतिक अटकलें हुईं तेज
ऐसे में मथुरा के चिंतन शिविर के बाद मुख्यमंत्री के अचानक दिल्ली जाने और आगरा का प्रस्तावित कार्यक्रम निरस्त होने से राजनीतिक अटकलें तेज हो गई हैं। अब सबकी निगाहें दिल्ली में होने वाली संभावित राजनीतिक गतिविधियों पर टिकी हैं। हालांकि, मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे के एजेंडे को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

भाजपा के मथुरा चिंतन शिविर में 2027 यूपी चुनाव को लेकर क्या रणनीति बनी?
परखम स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो-अनुसंधान केंद्र में सोमवार से शुरू हुई दो दिवसीय योजना बैठक के पहले ही दिन भाजपा ने अपने चुनावी एजेंडे के संकेत दे दिए। बात विकास और सुरक्षा से शुरू हुई और सनातनी मंत्र तक पहुंची। राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर के रणनीतिकारों ने पिछले चुनाव से लेकर आगे की तैयारियों पर बात की। इसमें मुख्य रूप से चार अहम बिंदुओं पर बात हुई। मुख्य रूप से विरोधियों के पीडीए नैरेटिव की काट पर मंथन हुआ। इसके लिए पारंपरिक और नए सामाजिक समीकरणों को मजबूत करने पर जोर देने की बात कही। साथ ही सनातन के एजेंडे को और धार देने पर बात हुई। दूसरा, चुनावी साल से ठीक पहले सरकार की लोककल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने और कार्यकर्ताओं की शिकायतों के लिए भी बात हुई। बूथ स्तर पर किलेबंदी को प्रमुखता से रखा गया।
 

मथुरा में भाजपा की बैठक में कौन-कौन से बड़े नेता शामिल हुए और किन मुद्दों पर चर्चा हुई?
भाजपा की बैठक में रणनीतिकारों ने कहा कि पार्टी हर विधानसभा क्षेत्र के कमजोर बूथों को चिह्नित कर रही है। हारी हुई सीटों पर पकड़ मजबूत करने के लिए बड़े नेताओं की रैलियों और दौरों का रोडमैप बनाने पर बात की गई। सबसे अहम रहा कि आने वाले चुनाव में एंटी-इंकंबेंसी यानी सत्तारूढ़ दल के खिलाफ माहौल को कम करने के लिए नए और युवा चेहरों को मौका देने पर बात हुई। इस चिंतन शिविर में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक एवं केशव प्रसाद मौर्य, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी, हरीश, सांसद हेमामालिनी, प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed