मथुरा। रविवार की रात और सोमवार की सुबह आधा घंटे हुई तेज बारिश से बाजार में खरीदारी को आए ग्राहकों में अफरातफरी मच गई। उन्होंने इधर-उधर छिपकर बारिश में खुद को भीगने से बचाया। बारिश होने के कारण रविवार की रात को कई घंटे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रही। सोमवार को भी विद्युत आपूर्ति का यही हाल रही रहा। हालांकि बारिश बंद होने के बाद विद्युत आपूर्ति सुचारू हो गई।
राष्ट्रीय राजमार्ग-19 स्थित सर्विस रोड पर हुए जलभराव के कारण दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी हुई। जलभराव का स्तर इतना था कि दोपहिया वाहन का साइलेंसर पानी में डूब गया। इस कारण कई लोगों के दोपहिया वाहन बंद हो गए। लोग अपने वाहनों को खींचकर ले जाते दिखाई दिए। दूसरी ओर बारिश के कारण कई घंटे तक शहर की विद्युत आपूर्ति बाधित रही। शहर के कृष्णा नगर, होलीगेट, विकास बाजार, डेंपियर नगर, भूतेश्वर, बीएसए रोड, मसानी, छत्ता बाजार, महोली रोड, कदंब विहार, टाउनशिप की विद्युत आपूर्ति तीन से चार घंटे तक बाधित रही।