Independence Day 2024: कोसीकलां में निकाली गई तिरंगा यात्रा, 'भारत माता की जय' के उद्घोषों से गूंजा क्षेत्र
इस दौरान पूरा क्षेत्र 'भारत माता की जय', 'तिरंगा ऊंचा रहे हमारा' जैसे उद्घोषों से गूंज उठा। मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण ने कहा कि देश को गुलामी की जंजीरों से मुक्त करवाने के लिए लंबा संघर्ष करना पड़ा।
विस्तार
तीर्थनगरी मथुरा के कोसीकलां में गुरुवार की शाम 5 बजे तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण ने किया। इससे पहले उन्होंने मंडी समिति परिसर में पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर मार्ल्यापण किया। इसके बाद हाथों में तिरंगा लेकर पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ दो किलोमीटर की पैदल यात्रा की।
इस दौरान पूरा क्षेत्र 'भारत माता की जय', 'तिरंगा ऊंचा रहे हमारा' जैसे उद्घोषों से गूंज उठा। मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण ने कहा कि देश को गुलामी की जंजीरों से मुक्त करवाने के लिए लंबा संघर्ष करना पड़ा। लाखों वीर जवानों और स्वतंत्रता सेनानियों ने आजादी की इस लड़ाई में अहम भूमिका निभाई।
कहा कि मातृभूमि को आजाद करवाने के लिए अपने जीवन की परवाह किए बगैर उन्होंने हंसते-हंसते अपने प्राणों का बलिदान तक दे दिया। उनके चट्टान की तरह मजबूत इरादों और बुलंद हौसलों ने अंग्रेजों को देश छोड़ने पर मजबूर कर दिया। देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले रणबांकुरों का ऋण कभी चुकाया नहीं जा सकता।
भाजपा जिलाध्यक्ष निर्भय पांडेय ने कहा कि तिरंगा देश के राष्ट्रीय गौरव, साहस, शौर्य और अभिमान का एक ऐसा प्रतीक है। इसे देखकर हर भारतीय का हृदय देशभक्ति के भाव से भर जाता है। यह नई पीढ़ी को आजादी के संघर्ष से अवगत करवाकर उन्हें देश के साथ जोड़ने का अवसर प्रदान करने तथा उनमें देश प्रेम की भावना विकसित करने के साथ ही जन-जन में राष्ट्र प्रेम का भाव भी पैदा करता है।
नगर पालिका चेयरमैन धर्मवीर अग्रवाल ने कहा कि आजादी के इस पर्व में हर देशवासी की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर भाजपा 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत कई तरह के कार्यक्रम आयोजित कर रही है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.