मथुरा। 61वीं उत्तर प्रदेश ओपन जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप (बी) 2026 के लिए जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन द्वारा 23 सितंबर को स्व. मोहन पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम गणेशरा में ट्रायल होंगे। इसमें चयनित खिलाड़ी चार से छह अक्टूबर तक प्रयागराज के मदन मोहन मालवीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव जय सिंह ने बताया कि ट्रायल दोपहर दो बजे से चार आयु वर्गों में आयोजित किया जाएगा। इसके अंडर-20 के लिए जन्मतिथि 28 अक्तूबर 2006 से 27 अक्तूबर 2008, अंडर-18 के लिए 28 अक्तूबर 2008 से 27 अक्तूबर 2010, अंडर-16 के लिए 28 अक्तूबर 2010 से 27 अक्तूबर 2012 और अंडर-14 के लिए 28 अक्तूबर 2012 से 27 अक्तूबर 2014 के बीच होनी चाहिए। इसके अंडर-20 इवेंट में 100, 200, 400, 800, 1500, 3000 और 5000 मीटर दौड़, लांग जंप, हाई जंप, ट्रिपल जंप, जैवलिन थ्रो, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, हैमर थ्रो, डेकाथलन, 5000 मीटर रेस वॉक, 110 और 400 मीटर बाधा दौड़ के ट्रायल होंगे। वहीं अंडर-18 के इवेंट में 100, 200, 400 और 1000 मीटर दौड़, हाई जंप, लांग जंप, शॉटपुट, डिस्कस, जैवलिन थ्रो, 110 मीटर बाधा दौड़ और हेप्टाथलन के ट्रायल होंगे। जबकि अंडर-16 के इवेंट में 60 और 600 मीटर दौड़, 80 मीटर बाधा दौड़, लांग जंप, हाई जंप, शॉटपुट और पेंटाथलन के ट्रायल होंगे। अंडर-14 के इवेंट में सिर्फ ट्राईथलन ए, ट्राईथलन बी और ट्राईथलन सी के ट्रायल होंगे। चयन ट्रायल डॉ. दलवीर सिंह कौन्तेय के मार्गदर्शन में आयोजित किया जाएगा।