मथुरा। वृंदावन स्थित हनुमान प्रसाद धानुका सरस्वती बालिका विद्या मंदिर की छात्राओं ने सीबीएसई कक्षा-12 के परीक्षा परिणामों में सफलता का परचम लहराते हुए जिले में गौरव बढ़ाया है, जहां कॉमर्स वर्ग की नित्या गर्ग ने 600 में से 590 अंक (99.2%) प्राप्त किए हैं। विद्यालय का दावा है कि नित्या गर्ग जिला टॉपर हैं।
विद्यालय का दबदबा इस कदर रहा कि कुल 227 में से 226 छात्राएं प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुईं, जिनमें 53 छात्राओं ने 90% से अधिक और 163 ने 75% से अधिक अंक हासिल किए। उत्कृष्ट प्रदर्शन की कड़ी में कला वर्ग से विधि राजावत (98.8%) व कविता गौतम (97.6%), कॉमर्स से जया पाण्डेय (97.6%) और विज्ञान वर्ग से नव्या अग्रवाल (94.8%) अग्रणी रहीं। इतना ही नहीं, विभिन्न विषयों में 30 छात्राओं ने शत-प्रतिशत (100/100) अंक प्राप्त कर अपनी मेधा सिद्ध की। सपल छात्राओं का विद्यालय में सम्मान किया गया। प्रधानाचार्या रजनी गुप्ता और प्रबंध समिति के पदाधिकारियों ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि को छात्राओं के अथक परिश्रम, शिक्षकों के सटीक मार्गदर्शन और विद्यालय की संस्कारयुक्त शिक्षा का सुखद परिणाम बताते हुए सभी मेधावियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। सीबीएसई कॉर्डिनेटर शैलेंद्र ग्रेवाल ने बताया कि सीबीएसई की ओर से टॉपर का कोई मापदंड नही है। हमने मुख्य पांच विषयों के अंकों के साथ जिला टॉपर्स की लिस्ट जारी की थी।