मथुरा: मूत्रालय के लिए नगर निगम ने कई जगहों को किया चिन्हित
मथुरा में 31 दिसंबर को अमर उजाला के संवाद कार्यक्रम में प्रमुखता से मूत्रालय को लेकर मुद्दा छाया रहा था। इस मुद्दे का समाधान करने का आश्वासन इस कार्यक्रम में रहे नगर निगम के अपर नगर आयुक्त ने दिया था। आखिरकार नगर निगम ने शुक्रवार को इस मुद्दे के समाधान की तरफ कदम बढ़ा दिया है। नगर निगम की टीम ने मूत्रालय के लिए कई स्थल चिन्हित किए हैं। सबकुछ सही रहा तो मूत्रालय बनने से लोगों को काफी राहत मिल सकेगी।
शहर बढ़ा, सुविधाएं नहीं के तहत अमर उजाला के संवाद कार्यक्रम में शहर के लोगों ने मथुरा-वृंदावन में होने वाली समस्याएं रखीं। इनमें मूत्रालय की परेशानी समाजसेवी चौधरी नेत्रपाल सिंह बताई थी।
मथुरा-वृंदावन दर्शनार्थ श्रद्धालु और स्थानीय लोग मूत्रालय के लिए इधर-उधर भटकते हैं या फिर खुले में मूत्रालय करते हैं। इस मुद्दे का समाधान की तरफ शुक्रवार को नगर निगम के अपर नगर आयुक्त सत्येंद्र तिवारी ने कदम बढ़ा दिया। अपनी टीम के साथ वृंदावन और मथुरा में कई स्थल ऐसे चिन्हित किए हैं, जिससे की यहां आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को मूत्रालय के लिए भटकना न पड़े।
अपर नगर आयुक्त का कहना है कि शुक्रवार को कई स्थल चिन्हित किए गए हैं। इन स्थलों पर मूत्रालय बनवाए जाएंगे। इसके अलावा अगर कोई शौचालय के लिए स्थल बताता है, उस स्थान पर शौचालय भी बनवा देंगे। कृष्णनगरी में आने वालों को परेशानी न हो और साथ ही स्वच्छता भी बनी रही है।