वृंदावन (मथुरा)। शनिवार को एकादशी के अवसर पर ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर में दर्शन के लिए भारी भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने ठाकुरजी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इस दौरान ठाकुरजी का प्रसाद रूपी गुलाल लेकर धन्य हुए।
विदित है कि वसंत पंचमी को ठाकुर श्रीबांकेबिहारी महाराज ने भक्तों के साथ गुलाल की होली खेली थी। इसी दिन से ब्रज में चालीस दिवसीय होली महोत्सव का परंपरागत शुभारंभ भी हो जाता है। वसंत पंचमी से ही ठाकुर श्रीबांकेबिहारी महाराज की कमर में गुलाल का फेंटा बांधकर उनके कपोलों (गोलों) पर गुलाल लगाने की परंपरा भी शुरू हो जाती है।
मंदिर के सेवायत श्रीनाथ गोस्वामी ने बताया कि वसंत पंचमी से सेवायतों द्वारा होली के गीत और रसिया सुनाकर श्रीबांकेबिहारी को रिझाया जाता है। हालांकि गुलाल भक्तों पर नहीं डाला जाता, लेकिन सेवायतों द्वारा भक्तों को प्रसाद रूपी गुलाल भेंट किया जाता है। इसी प्रसादी गुलाल को अपने माथे पर लगाकर भक्त भी धन्य मानते हैं। इधर, एकादशी के अवसर पर राधावल्लभ मंदिर, राधारमण मंदिर, प्रेम मंदिर और इस्कॉन में भी दर्शन के लिए भीड़ रही।