कोसीकलां (मथुरा)। कतार में सजे बैठे वर एवं लग्न चढ़ा रहे वधू पक्ष का सामूहिक लग्न-सगाई कार्यक्रम किसी महोत्सव से कम नहीं था। ब्रज प्रभात सेवा संस्थान के तत्वावधान में आदर्श हिंदू सर्वजातीय सामूहिक कन्या गोदभराई एवं सगाई समारोह का आयोजन शुक्रवार को किया गया। जिसका शुभारंभ राधा माधव मंदिर के महंत चैतन्यदास महाराज ने मां सरस्वती के चित्रपट पर दीप प्रज्ज्वलन कर किया। संस्थान द्वारा 16 फरवरी वसंत पंचमी पर कोकिलावन धाम में 53 कन्याओं का सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन होगा।
महंत चैतन्यदास महाराज ने कहा कि सर्वसमाज को एकजुट करके एवं फिजूलखर्ची रोकने के लिए सामूहिक विवाह कार्यक्रम जरूरी होते हैं। जिनमें भाईचारे के साथ आपसी मेल-मिलाप होता है। उन्होंने नवजोड़ों को आशीर्वाद देकर उनके मंगल भविष्य की कामना की। इस दौरान दूल्हों का वधू पक्षों द्वारा तिलक कराकर लग्न सगाई एवं वर पक्षों की ओर से गोदभराई की रस्मों को पूरा कराया गया। आयोजकों ने लहंगा, ओढ़नी, चप्पल, शृंगार आदि का सामान दिया। वहीं दूल्हों के लिए कोट-पैंट, जूते, सेहरा, फल, मिष्ठान आदि दिया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता तरुण सेठ, कमल किशोर वार्ष्णेय, योगेश धनौतिया, राज कुमार सैनी, राकेश गोयल फरीदाबाद, राम सिंह सांगवान, हरीश गर्ग, चंद्रप्रकाश जैन, राजेश शेरगढिया, मुकेश गोयल, पंकज भार्गव, विवेक उपाध्याय, धर्म महाराज आदि थे।