मथुरा में गैस पाइप लीकेज: आधे घंटे तक होता रहा रिसाव, सौ मीटर दूर सुनाई दे रही थी आवाज, क्षेत्र में फैली दहशत
मथुरा में गैस पाइप लीकेज होने से आधे घंटे तक रिसाव होता रहा। इसकी आवाज सौ मीटर दूर तक सुनाई दे रही थी। इससे क्षेत्र में दहशत फैल गई।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के मथुरा में परिक्रमा मार्ग में गैस पाइप लाइन लीकेज हो गई। तेज आवाज के साथ निकल रही गैस ने सबको भयभीत कर दिया। मौके पर पहुंचे जल निगम और गेल इंडिया के अधिकारियों ने लाइन की मरम्मत कराई। इस दौरान पुलिस ने परिक्रमार्थियों को रोके रखा व रूट बदलकर आगे भेजा।
दिन रात चल रहा काम
परिक्रमा मार्ग में चामुंडा मंदिर से लेकर श्याम कुटी तक जल निगम की प्रोजेक्ट इंडिया द्वारा गहरी सीवर खुदाई का कार्य चल रहा है। विगत दिनों जिलाधिकारी पुलकित खरे ने निरीक्षण कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद युद्धस्तर पर दिन रात काम चल रहा है। शुक्रवार देर रात करीब 12:30 बजे खुदाई कार्य के दौरान जेसीबी से सड़क के नीचे से जा रही गेल इंडिया की पीएनजी पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इससे दहशत फैल गई।
यह भी पढ़ेंः- जमीन हड़पने को बन गई साधु की पत्नी: चार बच्चों को लेकर पहुंच गई घर, खुलासा हुआ तो पुलिस के भी उड़ गए होश
गेल इंडिया के अधिकारियों को किया गया सूचित
सूचना पाकर गश्त दे रही पुलिस की चेतक पिकेट मौके पर पहुंच गई। परिक्रमा दे रहे लोगों को रूट बदलकर भेजा। प्रोजेक्ट इंडिया के कर्मचारी भोला मौके पर पहुंच गए और नीम करौरी बाबा आश्रम के पास बने चेंबर पर लगे ब्लॉकिंग सिस्टम से रिसाव को रोककर गेल इंडिया के अधिकारियों को सूचित किया। कुछ देर में गेल के सुपरवाइजर भी पहुंच गए और पाइप लाइन को ठीक कराया। इस दौरान करीब 30 मिनट तक गैस का रिसाव होता रहा।
यह भी पढ़ेंः- 'वीरू' बन पानी टंकी पर चढ़ा प्रेमी: बोला- कूद जाऊंगा, पुलिस ने बुलाई उसकी 'बसंती' तब माना, छह घंटे चला ड्रामा
हो सकती थी बड़ी घटना
गनीमत रही कि लीकेज के कारण कोई हादसा नहीं हुआ। रात के वक्त कम लोग ही परिक्रमा दे रहे थे, दिन में लीकेज होता तो बड़ी घटना हो सकती थी। हालांकि गैस रिसाव के कारण राहगीरों में जी मिचलाने की स्थिति जरूर बनी। बताते चलें कि नगर के कई क्षेत्रों में गैस पाइप लाइन को ठीक किए जाने का भी कार्य चल रहा है।