मथुरा। जिला कारागार में शारदीय नवरात्र का पर्व श्रद्धा के साथ मनाया गया। नवरात्र के प्रथम दिवस पर मां दुर्गा की प्रतिमा की स्थापना विधिवत रूप से की गई। 350 महिला-पुरुष बंदियों ने नवरात्र का व्रत रखा। जेल प्रशासन ने उन्हें जेल मैनुअल के हिसाब से फलाहार दिया। दशहरा पर विधि विधान से हवन पूजन किया गया।
जेल अधीक्षक अंशुमन गर्ग ने बताया कि जेल में बंदियों की मांग पर पहली बार नवरात्र में माता रानी की मूर्ति स्थापित की गई। पूजा स्थल को आकर्षक रूप से सजाया गया, जहां सुबह-शाम आरती, कीर्तन और दुर्गा सप्तशती का पाठ हुआ । कारागार प्रशासन ने प्रत्येक बैरक के बंदियों को एक-एक दिन सत्संग एवं कीर्तन के लिए प्रदान किया। नवरात्र पर्व का समापन विजयादशमी पर हवन व विशेष पूजा-अर्चना से हुआ। समस्त बंदियों को प्रसाद वितरित किया गया।