मांट (मथुरा)। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के क्षेत्रीय किसानों की समस्याओं को लेकर नौ जनवरी से विकास खंड माट पर बेमियादी धरना-प्रदर्शन चल रहा है। इसमें छठे दिन समस्याओं को सुनने पहुंचे मांट के तहसीलदार राकेश कुमार सोनी को कार्यकर्ताओं ने खून से लिखकर सात पेज का ज्ञापन दिया।
इस दौरान भाकियू के प्रदेश उपाध्यक्ष बुद्धा सिंह प्रधान ने कहा कि किसानों की समस्याओं की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जिलाध्यक्ष राजकुमार तोमर ने कहा कि यह अधिकारियों को अंतिम ज्ञापन दिया जा रहा है। यदि समस्याओं को समाधान नहीं हुआ तो आगामी दिनों में भाकियू एक्सप्रेसवे पर धरना-प्रदर्शन करेगी।
रालोद नेता योगेश नौहवार ने कहा कि यदि सभी किसानों की आवाज को उठाने के लिए वह किसानों के साथ हैं। यदि जल्द ही गोवंश की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस मौके पर गजेंद्र सिंह परिहार, शिवकुमार तोमर, गजेंद्र गावर, डॉ चेतन नौहवार, रोहितास चौधरी, नरेंद्र सिंह, अजय सरपंच, रिंकू चौधरी, देवेंद्र, चंद्रपाल सिंह, सोनवीर सिंह आदि मौजूद रहे।