सौंख । जल जीवन मिशन योजना के तहत हर घर नल परियोजना के लिए डाली जा रही पाइप लाइन के पाइप चोरी करने वाले गिरोह के एक बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। बदमाश की टांग में गोली लगी हैं। उनके पास से लाखों रुपये की कीमत के पाइप बरामद किए गए हैं।
एसपी देहात सुरेशचंद्र रावत ने बताया कि भूमिगत पाइप लाइन बिछाने का कार्य एप्को कंपनी कर रही है। कंपनी ने नगला देविया इलाके में पाइप रखे थे। इन्हें चोरी कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार सुबह मगोर्रा के सौंख-मथुरा मार्ग स्थित गांव पाली डूंगरा के समीप एक बदमाश के होने की सूचना पर दबिश दी गई। बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश की टांग में गोली लग गई, इसके बाद उसे पकड़ लिया गया। पकड़ा गए बदमाश राजस्थान के खैरथल के गांव निम्बाहेड़ी निवासी आसिफ है। पुलिस ने घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। इससे छह दिन पूर्व पाइप चोरी के मामले में पुलिस ने खैरथल निवासी सोहराब उर्फ राजा, कुर्सेद उर्फ धोनू, आरिफ और तौफीक को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया था। वहीं गोवर्धन के भिक्की, अलवर के मनीष, अमन विहार दिल्ली के यादवेंद्र उर्फ यश को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले में हाकिम और बलदेव राज वांछित चल रहे हैं। पुलिस ने आसिफ से चोरी के 45 पाइप, 1 तमंचा, पांच कारतूस सहित उन्नीस हजार रुपये बरामद किए हैं। पाइपों की कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई जा रही है।