Mainpuri: गलन भरी सर्दी में बढ़े कोल्ड डायरिया के मरीज, 30 दिन में पांच की मौत, हर रोज चपेट में आ रहे 20 लोग
मैनपुरी में भीषण ठंड पड़ रही है। ठंड के बीच कोल्ड डायरिया के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। आलम यह है कि पिछले 30 दिन में 5 मरीजों की मौत हो चुकी है, जबकि हर दिन करीब 20 मरीज इसकी चपेट में आ रहे हैं।
विस्तार
मैनपुरी जिले में गलनभरी सर्दी के बीच कोल्ड डायरिया के मरीजों की संख्या बढ़ी है। जिला अस्पताल में प्रतिदिन 15 से 20 मरीज कोल्ड डायरिया के पहुंच रहे हैं। एक महीने के अंदर कोल्ड डायरिया से पांच मरीजों की मौत भी हो चुकी है। वहीं, एक महीने में जिला अस्पताल में 90 मरीज कोल्ड डायरिया से पीड़ित होने पर भर्ती भी कराए हैं। सोमवार को कोल्ड डायरिया से पीड़ित पांच मरीज अस्पताल में भर्ती कराए गए।
पिछले एक महीने में जिले में कोल्ड डायरिया के मरीजों की संख्या बढ़ी है। लोग पेटदर्द के साथ दस्त की चपेट में आ रहे हैं। उपचार के दौरान डॉक्टर उन्हें कोल्ड डायरिया से पीड़ित बता रहे हैं। सरकारी अस्पतालों के साथ ही निजी अस्पतालों में भी कोल्ड डायरिया के मरीजों की भीड़ है। कोल्ड डायरिया की चपेट में आने वाले मरीजों में बुजुर्ग और बच्चों की संख्या अधिक है।
जिला अस्पताल में दर्ज रिकार्ड के अनुसार पिछले एक महीने में पांच मरीजों की कोल्ड डायरिया से मौत हुई है जबकि जिला अस्पताल से 70 मरीज मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर किए गए हैं। सोमवार को भी जिला अस्पताल में कोल्ड डायरिया के मरीजों की भीड़ रही। 30 मरीजों को प्राथमिक उपचार दिया गया जबकि पांच मरीज गंभीर हालत में भर्ती कराए गए। तीन मरीजों को हालत बिगड़ने पर मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किया गया।
कोल्ड डायरिया के कारण
- दिन और रात के तापमान में अंतर होना
- अनियमित खानपान
- बासी और दूषित भोजन का सेवन करना
- ठंड के मौसम में कम पानी पीना
- गर्म कपड़े पहनने में लापरवाही करना
डायरिया के लक्षण
- पेटदर्द के साथ मरोड़ होना
- उल्टी होना
- लगातार दस्त होना
- बुखार के साथ आखों का लाल होना
- थकान और शरीर में भारीपन होना
बचाव के उपाय
- सर्दी से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनें
- शरीर में पानी की कमी नहीं होने दें
- गर्म पानी का सेवन करें
- बासी चीजों के सेवन से बचें
- सर्दी, जुकाम और बुखार होने पर अधिक डोज की दवाई नहीं लें
जिला अस्पताल में तैनात बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. डीके शाक्य ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से कोल्ड डायरिया के मरीज बढ़े हैं। ऐसे में लोगों को सबसे पहले सर्दी से बचाव की तरफ ध्यान देना होगा। बच्चों का विशेष ख्याल रखें। बासी भोजन नहीं करें। दिक्कत होने पर विशेषज्ञ डॉक्टर से उपचार लें।