मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र के गांव ब्योंति खुर्द में रहने वाली एक महिला की बुधवार को संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालीजन पर हत्या करने का आरोप लगाया। मौत का कारण जानने के लिए बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम कराया गया।
कन्नौज के थाना छिबरामऊ क्षेत्र के गांव नगला महुआ निवासी रघुवीर सिंह ने 30 वर्षीय पुत्री रेखा की शादी वर्ष 2020 में सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव ब्योंति खुर्द निवासी रोहित नंदन के साथ की थी, बुधवार को रेखा को ससुरालीजन गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जांच के बाद चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिलने के बाद मायके पक्ष के लोग भी आ गए। मृतका के भाई अभिषेक ने आरोप लगाया कि ससुरालीजन बहन को प्रताड़ित कर रहे थे। देवर व अन्य ने बहन की हत्या कर दी है। उसके गले में कुछ निशान नजर आ रहे हैं। उधर, कोतवाली पुलिस ने मौत का सही कारण जानने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया। महिला की मौत के बाद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।