चरखारी (महोबा)। विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के नोडल अधिकारी व चित्रकूटधाम मंडल के कमिश्नर गौरव दयाल ने विकासखंड चरखारी के ग्राम अस्थौन का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान गांव में पेयजल, स्वच्छता, जल निकासी व साफ-सफाई आदि व्यवस्थाओं का जायजा लिया। विधायक निधि से निर्मित सीसी सड़क खराब होने की शिकायत मिलने पर बीडीओ को फटकार लगाई और दो दिन के अंदर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश दिए। उन्होंने सीसी सड़क की जांच सीडीओ हीरा सिंह को सौंपा है।
नोडल अधिकारी ने डीएम अवधेश कुमार तिवारी व सीडीओ के साथ ग्राम अस्थौन में भ्रमण कर नाली, साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति, शौचालयों, सीसी सड़क आदि का निरीक्षण किया। नोडल अधिकारी ने ग्राम प्रधान व सचिव को सख्त निर्देश दिए कि गांव के बाहर कूड़ा डंपिंग स्थल का चिह्नांकन कर कूड़े का निस्तारण गांव के बाहर कराएं। उन्होंने सफाई कर्मियों को चेतावनी देते हुए कहा कि गांव में नियमित रूप से सफाई की जाए अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने इसको लेकर डीपीआरओ संतोष कुमार को निर्देश दिए। गांव में चौपाल लगाकर ग्राम प्रधान से गांव में लॉकडाउन के दौरान आए हुए प्रवासियों की जानकारी ली। उन्होंने सीडीओ को प्रवासियों के रोेजगार की स्थिति तय करने के निर्देश दिए। इस दौरान एडीएम आरएस वर्मा, सीएमओ डॉ. सुमन, पीडी डीएन पांडेय, एसडीएम चरखारी राकेश कुमार, बीडीओ चरखारी बीके कुशवाहा आदि शामिल रहे। प्रतिदिन दुकानों को सैनिटाइज करने पर भी जोर दिया गया।