महोबा। लखनऊ से आई ऑडिट टीम ने 108 व 102 नंबर एंबुलेंस सेवा की हकीकत परखी। लखनऊ मुख्यालय से आए ऑडिटर रोहित पांडेय ने अस्पताल जाकर एंबुलेंसों का औचक निरीक्षण किया। जिला अस्पताल व सीएचसी में कार्यरत 108 व 102 के कर्मचारियों को आपातकालीन स्थिति से निपटने के उपाय बताए।
ऑडिटर ने एंबुलेंसों के उपकरण के रखरखाव और रिकॉर्ड रजिस्टर चेक किए। उन्होंने कार्यक्रम प्रबंधक ओमप्रकाश मिश्रा से एंबुलेंस ऑडिट के बारे में पूछा। प्रबंधक ने बताया कि समय-समय पर एंबुलेंसों की ऑडिट का प्लान टीम स्वयं तय करने के साथ औचक निरीक्षण भी करती है। एंबुलेंस में कोई कमी मिलने पर तत्काल ठीक कराया जाता है। ऑडिटर ने एंबुुलेंस व कर्मचारियों की कार्य प्रणाली बेहतर मिलने पर उनकी प्रशंसा की। मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने में देश में प्रदेश प्रथम स्थान पर है। कंपनी जीवीके फाउंडेशन समय-समय पर एंबुलेंसकर्मियों को प्रशिक्षित करती है। निरीक्षण के दौरान आलोक कुमार, कुलदीप, प्रभा सिंह, विजय मौजूद रहे।