महोबा। पनवाड़ी ब्लॉक के माधवगंज गांव में अनुसूचित जाति के युवक अलखराम के पहली बार शादी में घोड़ी चढ़ने के मामले को कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने संज्ञान लिया है। राष्ट्रीय महासचिव के निर्देशन पर दो सदस्यों की टीम बनाई गई है। यह टीम गांव जाकर हालात का जायजा लेगी और अलखराम की शादी के लिए घोड़ी का इंतजाम भी कराएगी।
बताते चलें कि 18 जून को अलखराम की शादी है। इसको लेकर बुधवार को पार्टी कार्यालय प्रेस कांफ्रेंस आयोजित की गई। अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष बृजराज सिंह ने कहा कि अलखराम के पिता गयादीन ने पुत्र के घोड़ी चढ़ने पर विवाद की संभावना जताई है। बताया कि राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के निर्देश पर एक टीम गठन की गई। जिसकी अध्यक्षता स्वयं कर रहे हैं। मॉनीटरिंग की जिम्मेदारी हाथरस जिले के अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष कुलदीप कुमार सिंह को सौंपी गई है । गठित टीम आज गांव जाकर स्थिति स्पष्ट करेगी और अपनी रिपोर्ट शीर्ष नेतृत्व को सौंपेगी। कुलदीप कुमार सिंह ने कहा कि इस पूरे प्रकरण को गंभीरता से लिया जा रहा है और पीड़ित की शादी को शुरू से अंत तक सफल बनाया जाएगा। जरूरत पड़ी तो शीर्ष नेतृत्व के नेता भी गांव का दौरा कर सकते हैं। इस दौरान नगर अध्यक्ष अजय कुमार कोली, सूचना विभाग के प्रदेश सचिव एडवोकेट प्रशांत राठौर, प्रद्युम्न वर्मा आदि मौजूद रहे।