{"_id":"691cc377983d73b593046fd4","slug":"additional-teachers-will-be-removed-from-schools-preparations-begin-mahoba-news-c-223-1-sknp1030-132688-2025-11-19","type":"story","status":"publish","title_hn":"Mahoba News: स्कूलों से हटेंगे अतिरिक्त शिक्षक, तैयारी शुरू","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Mahoba News: स्कूलों से हटेंगे अतिरिक्त शिक्षक, तैयारी शुरू
विज्ञापन
विज्ञापन
हमीरपुर। जनपद के परिषदीय विद्यालयों से अतिरिक्त शिक्षकों को हटाया जाएगा। ऐसे शिक्षकों को शिक्षक विहीन, एकल या कम शिक्षक संख्या वाले विद्यालयों में भेजा जाएगा। जनपदीय स्थानांतरण एवं समायोजन में उनको समायोजित किया जाएगा। सोमवार को अपर मुख्य सचिव का पत्र आते ही शिक्षा विभाग इसकी तैयारियों में जुट गया है।
जिले में कुल 967 प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक और कंपोजिट विद्यालय संचालित हैं। इनमें चार हजार से अधिक शिक्षक-शिक्षिकाओं की तैनाती है। कई विद्यालयों में मानक से अधिक शिक्षकों की तैनाती है। कई ऐसे विद्यालय हैं, जहां 10 से लेकर 15 तक शिक्षक तैनात हैं। कई साल से ऐसे विद्यालयों में जमे शिक्षक और शिक्षिकाओं को अब एकल और कम शिक्षक वाले विद्यालयों में भेजा जाएगा। शासन स्तर से शिक्षकों के समायोजन की नीति जारी कर दी गई है। इस समिति में डीएम अध्यक्ष होंगे, जबकि सीडीओ, डायट प्राचार्य, बीएसए सदस्य रहेंगे। समायोजन नीति में स्पष्ट कहा गया है कि यू-डायस पोर्टल पर उपलब्ध छात्र संख्या के आधार पर मानक से अधिक अध्यापक संख्या वाले विद्यालय एवं शिक्षक विहीन एवं एकल शिक्षक वाले विद्यालय को चिह्नित कर भेजा जाए। शिक्षकों की पदोन्नति, अन्यत्र स्थानांतरण एवं अकस्मात मृत्यु के कारण विद्यालय शिक्षक विहीन और एकल शिक्षक होने की स्थिति में जनपदीय समिति द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जाए। समायोजन के बाद शिक्षक-शिक्षिकाओं का विवरण मानव संपदा पोर्टल पर अपलोड किया जाए। बीएसए आलोक सिंह ने कहा कि अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा का पत्र आया है। इसके तहत समायोजन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
विज्ञापन