महराजगंज। फरेंदा तहसील क्षेत्र के शहरी इलाकों में अब स्वास्थ्य सुविधाएं और सुलभ होंगी। दीपावली के बाद कस्बे में दो अर्बन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (अर्बन पीएचसी) का शुभारंभ किया जाएगा। एक केंद्र पुरानी पीएचसी भवन में और दूसरा धानी ढाला के पास खोला जाएगा। शासन स्तर से चिकित्सकों की तैनाती की स्वीकृति मिल चुकी है। फरेंदा तहसील क्षेत्र के वर्तमान में सीएचसी बनकटी संचालित है। यहां 24 घंटे आपातकालीन व्यवस्था, ओपीडी, संस्थागत प्रसव, खून जांच और अन्य जांच की सुविधाएं उपलब्ध हैं। हालांकि यह केंद्र फरेंदा कस्बे से लगभग 5 किलोमीटर दूर स्थित है, जिसके कारण शहरी इलाकों के मरीजों को इलाज के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। इस असुविधा को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से शासन को एक रिपोर्ट भेजी गई थी, इसमें फरेंदा कस्बे के लिए दो अर्बन पीएचसी स्थापित करने की अनुशंसा की गई। शासन से मंजूरी मिलने के बाद विभाग ने तेजी से तैयारी शुरू कर दी। अब दीपावली के बाद दोनों केंद्रों का भव्य उद्घाटन किया जाएगा। फरेंदा कस्बे की पुरानी पीएचसी का भवन वर्षों से अनुपयोगी स्थिति में था। वर्तमान में वहां होम्योपैथी और आयुर्वेदिक चिकित्सा केंद्र संचालित हो रहे हैं। अब इस भवन में एक अर्बन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भी स्थापित किया जाएगा। इस केंद्र पर एक चिकित्सक, एक फार्मासिस्ट, एक स्टाफ नर्स, एक लैब टेक्नीशियन और एक सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) की तैनाती होगी।