महराजगंज: अमावस्या पर दो माह के मासूम की बलि देने की थी साजिश, दिल्ली से पुलिस ने सकुशल बरामद किया
पुलिस ने दिल्ली के कश्मीरी गेट बस स्टैंड पर सावित्री और करण कुमार गौतम के पास से मासूम विक्की को सकुशल बरामद कर लिया। बच्चे की पहचान उसके पिता से कराई गई। चिकित्सकीय परीक्षण के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया।
विस्तार
ठूठीबारी थाना क्षेत्र में दो माह के मासूम के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, अंधविश्वास के चलते मासूम की बलि देने की कथित साजिश रची गई थी। अमावस्या के दिन बच्चे की बलि देने की योजना थी। महराजगंज पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दिल्ली के कश्मीरी गेट बस स्टैंड से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। मामले में दो महिलाओं समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
सोते समय घर से गायब हुआ था मासूम
सोते समय घर से गायब हुआ था मासूम
तीन नवंबर की रात ग्राम राजाबारी टोला रमजीता निवासी गोविंद अपनी पत्नी और दो माह के बेटे विक्की के साथ घर में सो रहे थे। रात करीब दो से चार बजे के बीच अज्ञात व्यक्ति घर में घुसा और मासूम को उठाकर ले गया। सुबह बच्चे के गायब होने की जानकारी हुई तो परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी।
100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में ठूठीबारी पुलिस, एसओजी, स्वाट और सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से लेकर आसपास के रास्तों तक 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें सुबह करीब 3:57 बजे एक संदिग्ध महिला बच्चे को लेकर जाती दिखाई दी। जांच में महिला की पहचान सावित्री के रूप में हुई। इसके बाद सर्विलांस की मदद से पुलिस टीम महराजगंज से दिल्ली तक पहुंच गई।
कश्मीरी गेट बस स्टैंड से बरामद हुआ बच्चा
पुलिस ने दिल्ली के कश्मीरी गेट बस स्टैंड पर सावित्री और करण कुमार गौतम के पास से मासूम विक्की को सकुशल बरामद कर लिया। बच्चे की पहचान उसके पिता से कराई गई। चिकित्सकीय परीक्षण के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया। मासूम की सकुशल वापसी से परिवार में खुशी लौट आई।
अमावस्या पर बलि देने की थी कथित योजना
पुलिस पूछताछ में अंधविश्वास से जुड़ी कथित साजिश का खुलासा हुआ। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने बताया कि अमावस्या के दिन मासूम की बलि देने की योजना थी। उनका अंधविश्वास था कि ऐसा करने से सरस्वती का वर्षों से लापता पति और पुत्र वापस लौट आएंगे और परिवार में हो रही अकाल मृत्यु रुक जाएगी। पुलिस के मुताबिक, नेपाल के बैरियहवा में रहने वाले एक कथित झाड़-फूंक करने वाले व्यक्ति की सलाह पर यह साजिश रची गई थी।