महराजगंज: लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो गुटों में भिड़ंत, जमकर पथराव; थाना प्रभारी समेत कई घायल
सोमवार रात नगर में लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन के दौरान कई डोल समितियों की ओर से डीजे प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इस दौरान एक-दूसरे से अधिक तेज आवाज और ऊंचे डीजे का प्रदर्शन करने की होड़ लगी थी। इसी बीच युवकों के दो गुटों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट और पथराव में बदल गया।
विस्तार
नगर में सोमवार देर रात लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन के दौरान डीजे प्रतियोगिता में शामिल युवकों के दो गुट आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते दोनों तरफ से लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चलने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस पर भी हमला किए जाने की बात सामने आई है। बीच-बचाव करने पहुंचे थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र कुमार राय भी चोटिल हो गए। घटना में थाना प्रभारी समेत दर्जनों लोग घायल होकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचे, जहां सभी का उपचार किया गया। पुलिस ने मामले में थाना क्षेत्र के सात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है। वहीं, डीजे संचालकों को भी तलब कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात नगर में लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन के दौरान कई डोल समितियों की ओर से डीजे प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इस दौरान एक-दूसरे से अधिक तेज आवाज और ऊंचे डीजे का प्रदर्शन करने की होड़ लगी थी। इसी बीच युवकों के दो गुटों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट और पथराव में बदल गया। दोनों तरफ से ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे चलने लगे। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभालने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान पुलिसकर्मियों पर भी हमला किए जाने की सूचना है। थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र कुमार राय के हाथ में चोट आई। वह रात करीब एक बजे सीएचसी निचलौल पहुंचे और अपना उपचार कराया।
घटना में घायल थाना प्रभारी समेत कई लोग सीएचसी पहुंचे। इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक डॉ. अमरनाथ जायसवाल ने बताया कि सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। मंगलवार सुबह दवा देने के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। उधर, थाना प्रभारी ने बताया कि डीजे संचालकों को बुलाया गया है। उनके खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाएगी। थाना क्षेत्र के सात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। आगे भी दोषियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।