रोहिन का पानी प्रदूषित, वन्यजीवों पर खतरा
चौक बाजार (महराजगंज)। सोहगीबरवां वन्यजीव प्रभाग के दक्षिणी चौक रेंज, पकड़ी रेंज व लक्ष्मीपुर रेंज क्षेत्र से होकर गुजरने वाली रोहिन नदी का पानी दिन प्रतिदिन प्रदूषित होता जा रहा है। वन्यजीवों के जीवन पर संकट का बादल मंडराता देख लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों से कई बार गुहार लगाई मगर अभी तक कोई ठोस उपाय नहीं किया गया। जिससे लोगों में रोष है।
तीन वन रेंज क्षेत्रों से होकर गुजरने वाली रोहिन में एक साल से रुक-रुक कर फैक्ट्रियों का गंदा पानी छोड़ने से मछलियां मर रही हैं। प्रदूषित काले पानी से दुर्गंध आ रही है। वन्यजीव भी अपनी प्यास बुझाने के लिए रोहिन का पानी पीकर बीमार पड़ रहे हैं। जिला पंचायत सदस्य सुरेश सहानी, ग्राम प्रधान योगेंद्र सहानी, संतलाल प्रसाद, फूलदेव पासवान, ओमप्रकाश मौर्या, रामकेवल, संतोष यादव, रिजवान अहमद, श्यामसुंदर, नवमी नाथ, रामप्रसाद, लालू यादव आदि ने विभागीय अधिकारियों सहित जिलाधिकारी से नदी में बहाए जाने वाले प्रदूषित पानी को रोकने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र ही कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को बाध्य होना पड़ेगा।