नेपाल में जलप्रलय: महराजगंज में गंडक नदी से तीन शव बरामद, शिनाख्त नहीं, पड़ोसी देश से बहकर आने की आशंका
गुरुवार को गंडक नदी से तीन शव बरामद हुए, जिनमें दो महिलाओं के थे। आशंका है कि ये नेपाल की बाढ़ से बहकर भारतीय क्षेत्र में आए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में गुरुवार को गंडक नदी से तीन शव बरामद किए गए। अधिकारियों ने बताया कि इन शवों में दो महिलाओं के शव भी शामिल हैं। आशंका है कि ये शव नेपाल में आई बाढ़ के कारण बहकर भारतीय क्षेत्र में आ गए हैं।
सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की एक बचाव टीम नदी और आसपास के इलाकों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान टीम ने तेज धारा में बहते हुए शवों को देखा। टीम ने मोटरबोट का इस्तेमाल कर शवों को नदी से बाहर निकाला। इन शवों को जिला मुख्यालय स्थित मोर्चरी में भेजा गया है। मृतकों की पहचान तत्काल नहीं हो पाई है। उनकी पहचान स्थापित करने के लिए आवश्यक प्रक्रियाएं की जा रही हैं।
नेपाल से बहकर आए शव
एसएसबी इंस्पेक्टर अरुण पांडे ने बताया कि अब तक भारतीय क्षेत्र में नेपाल से गंडक नदी में बहकर आए तीन शव बरामद हुए हैं। उन्होंने कहा कि नेपाल में भारी बाढ़ के कारण नदी तेजी से बह रही है। आशंका है कि और भी शव भारतीय क्षेत्र में बहकर आ सकते हैं। एसएसबी और जिला प्रशासन मृतकों के परिजनों का पता लगाने के लिए नेपाल के संबंधित अधिकारियों के संपर्क में हैं।