फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Maharajganj News ›   Mother stood at the door all night, every call came to her mouth

सुबह आई बेटे की मौत की खबर: रात भर दरवाजे पर खड़ी रही मां, हर आहट पर मुंह को आया कलेजा

Fri, 12 Aug 2022 10:42 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, महराजगंज।
संवाद न्यूज एजेंसी, महराजगंज। Published by: गोरखपुर ब्यूरो Updated Fri, 12 Aug 2022 10:42 AM IST
सार

मित यादव प्राथमिक विद्यालय मनिकापुर, चकदह में कक्षा तीन का छात्र था। बुधवार को स्कूल से लौटने के बाद रोज की तरह गांव के बाहर बकरी चराने चला गया। देर शाम तक घर नहीं लौटा तो परिजनों की चिंता बढ़ी। उन्होंने गांव के दूसरे बच्चों से अमित के बारे में पूछताछ की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
 

विज्ञापन
Mother stood at the door all night, every call came to her mouth
मृतक अमित यादव की मां उर्मिला अचेतावस्था में। - फोटो : MAHARAJGANJ

विस्तार

महराजगंज जिले के नौतनवां क्षेत्र के चकदह गांव के बेलभार टोला के अमित को बुधवार शाम तेंदुए ने मार डाला। बृहस्पतिवार की जंगल में झाड़ियों के बीच उसका शव मिला। ग्रामीण क्षत-विक्षत शव को समेटकर गांव ले आए। बेटे की लाश पर नजर पड़ते ही मां उर्मिला देवी बेहोश हो गईं। गांव की महिलाओं ने उन्हें संभाला।

विज्ञापन


जानकारी के मुताबिक, अमित यादव प्राथमिक विद्यालय मनिकापुर, चकदह में कक्षा तीन का छात्र था। बुधवार को स्कूल से लौटने के बाद रोज की तरह गांव के बाहर बकरी चराने चला गया। देर शाम तक घर नहीं लौटा तो परिजनों की चिंता बढ़ी। उन्होंने गांव के दूसरे बच्चों से अमित के बारे में पूछताछ की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
विज्ञापन


अमित के पिता पिंटू यादव रोजगार के सिलसिले में मुंबई में रहते हैं। बच्चे के बारे में जानकारी नहीं मिलने पर चाचा राम सुमेर यादव गांव के बाहर गए और जंगल किनारे तलाश कर लौट आए। वहां अमित के नहीं होने की सूचना सुन मां उर्मिला देवी घबरा गईं।
विज्ञापन
विज्ञापन


 

भाभी को सांत्वना दे राम सुमेर गांव के कुछ लोगों को लेकर बच्चे की तलाश में जंगल की ओर निकल पड़े। लोगों ने हाथ में लाठी-डंडे और टार्च ले रखा था। लोगों को इस तरह जंगल की ओर जाते देख उर्मिला देवी का मन अनहोनी की आशंका से भर उठा। वह कभी घर के अंदर जातीं तो कभी बाहर आकर जंगल की ओर देखने लगतीं। ज्यों-ज्यों अंधेरा बढ़ता गया। मां की धड़कनें तेज होती गईं। इस बीच, गांव की कई महिलाएं भी उनके दरवाजे पर पहुंच चुकी थीं। अमित लौट आएगा, कहकर वे उर्मिला को सांत्वना देती रहीं, लेकिन मां की नजरें जंगल की ओर टिकी हुई थीं।

काफी देर तलाश के बाद भी जब अमित का पता नहीं चला तो गांव के लोग लौट आए। चाचा राम सुमेर ने कहा कि अंधेरा काफी हो चुका है। ऐेसे में जंगल के काफी अंदर तक जाना ठीक नहीं। सुबह फिर से बच्चे की तलाश में जंगल जाएंगे।

धीरे-धीरे गांव के लोग और महिलाएं अपने घर लौट गईं, लेकिन उर्मिला पूरी रात दरवाजे पर खड़ी जंगल की ओर से आने वाले रास्ते पर टकटकी लगाए रही। हर आहट पर कलेजा मुंह को आ जाता। गांव का कोई व्यक्ति आता दिखता तो धड़कनें तेज हो जातीं। दिल में अनजाना सा भय घर कर जाता। जैसे-तैसे रात गुजरी। सुबह राम सुमेर गांव के शाह आलम, लाल यादव, सुरेंद्र राजभर, अनिल, तबारक हुसैन, अब्दुल सत्तार, गयासुद्दीन, बैरागी चौधरी, मनोज, रामकेवल, सुग्रीव व बेचन के साथ अमित की तलाश में जंगल की ओर निकल पड़े।

काफी तलाश के बाद जंगल में बघेला नदी के पार झाड़ियों में अमित का शव पड़ा मिला। सिर धड़ से अलग था और शरीर का कुछ हिस्सा तेंदुए ने खा लिया था। सूचना पर पुलिस और वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया गया है।

 

पांच लाख की सहायता राशि मिलेगी
तहसीलदार नौतनवां मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि तेंदुए के हमले में मारे गए अमित के परिजनों को शासन की ओर से पांच लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।

ग्रामीण जब अमित को तलाशते हुए जंगल में पहुंचे तो तेंदुआ शव के पास ही बैठा हुआ था। शोर मचाने पर तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया।- वीरेंद्र कुमार, ग्राम प्रधान, चकदह

तेंदुए के हमले में बालक की मौत की जानकारी मिली है। वन कर्मियों की टीम पद चिन्हों की जांच करने में जुटी है। जंगल किनारे गश्त बढ़ाने के साथ ही लोगों को सचेत किया जा रहा है। -रामबरन यादव, रेंजर, उत्तरी चौक

इससे पहले भी हमला कर चुका है तेंदुआ
  • 28 दिसंबर 2016 : मोहम्मदा गांव में तेंदुए ने हमला कर 12 लोगों को घायल कर दिया था।
  • 29 दिसंबर 2016 : पनियरा थाना क्षेत्र के सुचितपुर बघौना गांव में तेंदुए के हमले में दो लोग घायल हुए थे।
  • 19 दिसंबर 2017 : कोल्हुई की ग्राम सभा लक्ष्मीपुर कैथवलियां में तेंदुए ने तीन लोगों को घायल कर दिया था।
  • 24 मई 2018 : ग्राम पंचायत पुरुषोत्तमपुर मेें तेंदुए के हमले में चार लोग घायल हुए थे।
  • 15 सितंबर 2018 : जंगल से सटे गांव ओबरी निवासी मंहगू भारती (60) को तेंदुए ने घायल कर दिया था।
  • 26 मई 2020 : निचलौल रेंज के उत्तरी बीट से सटे रामचंद्रही में खेत में काम कर रहे पांच लोगों को घायल कर दिया था।
  • 1 अप्रैल 2021 : गेड़हरुआ वन चौकी क्षेत्र की ग्राम सभा पटखौली में घास काटने गए केदार (60), जफरेली (40) को तेंदुए ने घायल कर दिया था।
  • 17 अप्रैल 2021 : लक्ष्मीपुर रेंज के पिपरा सोहट के मैरी गांव में तेंदुए खेत में काम कर रहे दो किसानों को घायल कर दिया था।
  • 28 नवंबर 2021 : बरतानी टोला में तेंदुए ने एक बालक को मार डाला था।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed