घुघली को हराकर मऊ की टीम पहुंची फाइनल में
घुघली (महराजगंज)। खेल मैदान में आयोजित पं. कमलाकांत मिश्र अंतरराज्यीय फुटबाल प्रतियोगिता के दौरान शुक्रवार को सेमीफाइनल मैच घुघली और मऊ के बीच खेला गया, जिसमें मऊ की टीम दो गोल कर फाइनल में प्रवेश कर गई।
मैच के प्रारंभ में मऊ की टीम ने पेनाल्टी स्ट्रोक के जरिए एक गोल की बढ़त ली। घुघली की टीम ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया, मगर मऊ की मजबूत रक्षा पंक्ति ने घुघली की टीम को गोल करने से रोके रखा। दूसरे हाफ के अंतिम समय में घुघली की टीम ने एक गोल कर बराबरी के लिए संघर्ष करती रही। मैच का शुभारंभ वेद प्रकाश शुक्ल व आशीष मणि त्रिपाठी ने किया। मैच के मुख्य निर्णायक रहमतुल्लाह व सह निर्णायक सुरेश रावत व केशव जायसवाल रहे। इस मौके पर अभिनव मिश्र, शिक्षक चंद्रमौली मिश्र, मोती जायसवाल, दिवाकर तिवारी, दीपक राय, मान सिंह, अरविंद कश्यप, सुजीत जायसवाल, वकील उपाध्याय, दीपेश राय आदि मौजूद रहे। संवाद