फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Maharajganj News ›   Over a thousand government websites restored in Nepal; cross-border trade to get a boost

Maharajganj News: नेपाल में एक हजार से अधिक सरकारी वेबसाइटें बहाल, सीमा कारोबार को मिलेगी राहत

Tue, 27 Oct 2026 02:23 AM IST
Gorakhpur Bureau गोरखपुर ब्यूरो
Updated Tue, 27 Oct 2026 02:23 AM IST
विज्ञापन
Over a thousand government websites restored in Nepal; cross-border trade to get a boost
सोनौली। नेपाल में पीएचपी प्रोग्रामिंग भाषा से जुड़ी सुरक्षा खामी के कारण बंद की गईं सरकारी वेबसाइटें अब दोबारा चालू होने लगी हैं। सोमवार से सरकारी कार्यालयों के साथ बैंक भी खुल गए। हालांकि, कुछ सरकारी और गैरसरकारी पोर्टल और बैंकिंग सेवाओं में अब भी तकनीकी दिक्कतें बनी हुई हैं। वेबसाइटों के बहाल होने से भंसार में तीन दिनों से फंसे निर्यात वाहनों और भारत-नेपाल सीमा पर व्यापारिक गतिविधियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
विज्ञापन

नेपाल में संभावित साइबर हमले के खतरे को देखते हुए पिछले सप्ताह सरकारी वेबसाइटों, बैंकिंग पोर्टल और कुछ डिजिटल सेवाओं को एहतियातन बंद कर दिया गया था। इससे भंसार, यातायात, मालपोत और अन्य सरकारी सेवाओं से जुड़ी ऑनलाइन प्रक्रियाएं प्रभावित हुई थीं। सुरक्षा पैच लगाने और तकनीकी जांच के बाद सोमवार को प्रधानमंत्री कार्यालय, वित्त मंत्रालय, भंसार विभाग, यातायात कार्यालय और नेपाल राष्ट्र बैंक समेत कई प्रमुख संस्थानों की वेबसाइटें फिर से खुलने लगीं।
विज्ञापन

नेपाल के सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट एंड ऑपरेशंस सेंटर (एसडीओसी) के अनुसार, सुरक्षा अपडेट और ऑडिट के बाद एक हजार से अधिक सरकारी वेबसाइटों और ऑनलाइन सेवाओं को बहाल किया गया है। केंद्र के मुख्य कार्यकारी अधिकारी किरण तिमिलसिना के मुताबिक, साझा सरकारी वेब प्रणाली के तहत संचालित वेबसाइटों पर केंद्रीय स्तर से सुरक्षा पैच लगाए गए हैं। हालांकि, अलग-अलग वेंडरों के माध्यम से संचालित कुछ पोर्टल अब भी बहाल नहीं हो पाए हैं। मेडिकल एजुकेशन कमीशन की वेबसाइट और नागरिक ऐप जैसी सेवाओं में भी परेशानी बनी हुई है।
विज्ञापन
विज्ञापन

इंटीग्रेटेड डेटा मैनेजमेंट सेंटर के सूचना प्रौद्योगिकी निदेशक शिवा कुमार गुप्ता रौनियार ने बताया कि पीएचपी की सुरक्षा खामी को दूर करने के बाद ज्यादातर सरकारी वेबसाइटें फिर से सक्रिय कर दी गई हैं। संबंधित संस्थाओं के अनुरोध के आधार पर शेष वेबसाइटों को भी चरणबद्ध तरीके से चालू किया जा रहा है।

सोनौली सीमा पर कारोबार को राहत की उम्मीद
नेपाल की सोनौली-बेलहिया सीमा पर मालवाहक वाहनों की आवाजाही भी तकनीकी संकट से प्रभावित हुई थी। वाहन कंसाइनमेंट ट्रैकिंग सिस्टम (वीसीटीएस) बंद होने से माल की ऑनलाइन ट्रैकिंग में बाधा आई। नेपाल के राजस्व जांच विभाग ने निर्देश दिया था कि निर्धारित बिल-बिजक और राजस्व संबंधी दस्तावेजों के साथ वाहनों का आवागमन जारी रखा जा सकता है। सिस्टम बहाल होने के बाद संबंधित पक्षों को नियमानुसार वीसीटीएस रिकॉर्ड पूरा करना होगा। वेबसाइटें दोबारा चालू होने से सीमा शुल्क और अन्य सरकारी सेवाओं से जुड़ी प्रक्रियाएं आसान होने की उम्मीद है। इससे सोनौली के व्यापारियों, ट्रांसपोर्टरों और नेपाल में कारोबार करने वाले भारतीय व्यवसायियों को राहत मिल सकती है।


बैंक खुले, कुछ डिजिटल सेवाओं में दिक्कत
नेपाल में सोमवार से बैंकों में कामकाज शुरू हो गया, लेकिन कुछ संस्थानों की वेबसाइट और ऑनलाइन सेवाओं में तकनीकी परेशानी बनी हुई है। सुरक्षा जोखिम के मद्देनजर बैंकों और वित्तीय संस्थानों ने भी अपनी कुछ वेब सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी थीं। कई संस्थानों में मोबाइल बैंकिंग और क्यूआर भुगतान जैसी सेवाएं सामान्य रूप से चल रही थीं, जबकि इंटरनेट बैंकिंग और वेबसाइट से जुड़ी कुछ सुविधाएं प्रभावित हुई थीं। तकनीकी जांच के बाद सेवाएं चरणबद्ध तरीके से बहाल की जा रही हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed