{"_id":"6a95de081d295d7ba907bab1","slug":"leopard-hiding-in-sugarcane-field-preys-on-goat-panic-among-villagers-maharajganj-news-c-206-1-mhg1038-184316-2026-09-01","type":"story","status":"publish","title_hn":"Maharajganj News: गन्ने के खेत में छिपे तेंदुए ने बकरी को बनाया शिकार, ग्रामीणों में दहशत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Maharajganj News: गन्ने के खेत में छिपे तेंदुए ने बकरी को बनाया शिकार, ग्रामीणों में दहशत
विज्ञापन
विज्ञापन
शोर मचाने पर बकरी को छोड़कर खेत में छिप गया तेंदुआ, वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों को किया सतर्क
सोहगीबरवा वन्य जीव प्रभाग की निचलौल रेंज की ग्रामसभा अमड़ी के पास हुई घटना
निचलौल। सोहगीबरवा वन्य जीव प्रभाग की निचलौल रेंज की ग्रामसभा अमड़ी के पास सोमवार शाम गन्ने के खेत में छिपे तेंदुए ने बकरी को अपना शिकार बना लिया। बकरी चरा रही महिलाओं के शोर मचाने पर तेंदुआ मृत बकरी को छोड़कर गन्ने के खेत में ही छिप गया। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में दहशत फैल गई है।
जानकारी के अनुसार ग्रामसभा करमहिया के पश्चिम टोला निवासी आशिया पत्नी हदीस सोमवार की शाम करीब चार बजे अमड़ी पुल पटरी के पूरब बकरियां चरा रही थीं। इसी दौरान गन्ने के खेत में छिपे तेंदुए ने अचानक एक बकरी को अपने जबड़े में दबोच लिया। चरवाहे जब तक कुछ समझ पाते, तेंदुआ बकरी को लेकर गन्ने के खेत की ओर चला गया। महिलाओं और आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाना शुरू किया तो तेंदुआ बकरी को मृत अवस्था में छोड़कर गन्ने के खेत में छिप गया।
विज्ञापन
ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन दारोगा हरेराम यादव टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को तेंदुए की मौजूदगी को लेकर जागरूक करते हुए खेतों की ओर अकेले न जाने की सलाह दी। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ अभी भी गन्ने की खेत में छिपा हो सकता है। घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत है।
विज्ञापन
शनिवार रात आबादी में पहुंचा था तेंदुआ
निचलौल रेंज के ग्रामसभा बैदौली नेपाली टोला में शनिवार रात भी तेंदुए के पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई थी। हरिकेश गुप्ता के घर के पास तेंदुए को देखकर आसपास मौजूद कुत्ते भौंकने लगे। कुत्तों के शोर और ग्रामीणों की भीड़ बढ़ने पर तेंदुआ गन्ने के खेत की ओर चला गया था। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को सतर्क रहने के लिए जागरूक किया।
रविवार सुबह वन विभाग की टीम ने दोबारा गांव पहुंचकर खेतों में तेंदुए के पदचिह्नों की जांच की। पदचिह्नों के आधार पर टीम ने तेंदुए के जंगल की ओर चले जाने की पुष्टि की थी। हालांकि, ग्रामीणों के मुताबिक शनिवार रात तेंदुए ने एक कुत्ते को दबोचने की कोशिश किया था लेकिन वह सफल नहीं हो सका था। सोमवार को अमड़ी के पास बकरी का शिकार किए जाने के बाद ग्रामीणों में तेंदुए के दोबारा आबादी की ओर लौटने की आशंका बढ़ गई है।
वर्जन
ग्रामीणों से तेंदुए के हमले में बकरी की मौत की जानकारी मिली है। वन दारोगा हरेराम यादव टीम के साथ मौके पर पहुंचे हैं। ग्रामीणों को जागरूक करते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
- वन क्षेत्राधिकारी निचलौल सुनील राव