महराजगंज। देवदह रामग्राम बौद्ध विकास समिति एवं भारतीय बौद्ध महासभा की ओर से रविवार को प्राचीन बौद्ध स्थल रामग्राम स्तूप पर दीपदान उत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने बुद्ध के विचारों पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की शुरुआत बुद्ध, धम्म और संघ की वंदना के साथ हुई। इसके बाद उपस्थित लोगों ने त्रिशरण और पंचशील का पाठ किया। भगवान बुद्ध की शिक्षाओं को जीवन में उतारने का आह्वान किया। स्तूप परिसर को दीपों से सुंदर रूप में सजाया गया, जिससे पूरा स्थल प्रकाशमय और दिव्य आभा से आलोकित हो उठा। जब सभी श्रद्धालु एक स्वर में “बुद्धं शरणं गच्छामि, धम्मं शरणं गच्छामि, संघं शरणं गच्छामि” का उद्घोष कर रहे थे, तो पूरा रामग्राम स्तूप बुद्ध भक्ति से गूंज उठा।दीपदान से पूर्व समिति के सदस्यों और भक्तों ने स्तूप की परिक्रमा करते हुए अगरबत्ती, मोमबत्ती और दीप जलाकर पूजन-अर्चन किया। श्रद्धालुओं ने दीपों के माध्यम से अपने मन की श्रद्धा व्यक्त की और शांति, करुणा व मैत्री का संदेश दिया। इस अवसर पर भारतीय बौद्ध महासभा के जिला अध्यक्ष गामा प्रसाद, देवदह रामग्राम बौद्ध विकास समिति के अध्यक्ष जितेंद्र राव और लक्ष्मीचंद पटेल के नेतृत्व में कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस दौरान राम अवतार, रामचरन, जितेन्द्र गौतम, शिव सरन बर्मा, राजकुमारी, सबिता गौतम, चंपा देवी, बिंदा उपस्थित रहे।