महराजगंज। जिले का बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय उच्चीकृत होगा। इससे शिक्षकों व खंड शिक्षा अधिकारियों को बीएसए संग बैठक करने में परेशानी नहीं होगी। शनिवार को सीएनडीएस के अवर अभियंता ने विभिन्न कमरों का निरीक्षण कर बेसिक शिक्षा अधिकारी से वार्ता की। कहा कि एक सप्ताह में वह विभाग को रिपोर्ट देंगे कि उच्चीकरण में कितना खर्च आएगा।
बेसिक शिक्षा भवन तक जाने वाला 500 मीटर का खड़ंजा हटाकर ऊंची सड़क बनेगी। इसके अलावा भवन में निचले तल के छह कमरे उच्चीकृत होंगे। विभागीय लिपिक व बाबुओं को बैठने के कमरे एक साथ निर्धारित किए जाएंगे जो बेसिक शिक्षा अधिकारी के कक्ष से दूर होंगे। बेसिक शिक्षा अधिकारी का कमरा ऐसा बनाया जाएगा जिसमें एक साथ 30 लोग किसी बैठक के दौरान आसानी से बैठ सकें। कार्यदाई संस्था के अवर अभियंता सत्येंद्र विश्वकर्मा ने बताया कि निरीक्षण किया गया है। एक सप्ताह के भीतर वह विभाग को लागत की रिपोर्ट दी जाएगी। बेसिक शिक्षा अधिकारी से वार्ता हो चुकी है धन अवमुक्त होने पर काम शुरू करा दिया जाएगा। इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्रवण कुमार गुप्ता ने बताया कि विभाग का जो मुख्य भवन है, उसके निचले तल के कमरे बेतरतीब थे, जिसके कारण लिपिकों को बैठने व सभागार की व्यवस्था न होने से बैठक कराने में दिक्कत थी। उच्चीकरण के लिए अनुमति मांगी गई है। प्राक्कलन भेज कर धन अवमुक्त कराया जाएगा।