निकाय चुनाव में मजबूती से उतरने को हुआ मंथन
महराजगंज। विधानसभा चुनाव की तरफ निकाय चुनाव में भी प्रदर्शन करने को लेकर रविवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिला पंचायत के सभागार में बैठक की और जीत के लिए मंथन किया। वहीं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के बाद जिला प्रभारी मंत्री रमापति शास्त्री के साथ ही बैठक की। बैठक में प्रभारी मंत्री ने कार्यकर्ताओं को नसीहत देते हुए कहा कि जीत के लिए अभी से लग जाएं। निकाय चुनाव में भागीदारी के लिए जिन लोगों ने दावेदारी की है, वह अधिक उत्साहित न हों। पार्टी में गठित पैनल प्रत्याशियों का चयन करेगी।
उन्होंने कहा कि बीजेपी सबका साथ सबका विकास का नारा देकर देश को विकास की ओर ले जा रही है। जबसे बीजेपी सत्ता में आई विश्व पटल पर भारत का कद ऊंचा हुआ है। किसान, मजदूर, छात्र ही नहीं समाज के हर वर्ग के लोग सरकार के कार्यों से खुश हैं। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में पार्टी को अधिक से अधिक प्रत्याशी जीतें, इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को पूरे मनोयोग से अभी से प्रचार में जुट जाना चाहिए। उन्होंने पार्टी नेताओं को आगाह किया कि टिकट लेने के लिए ज्यादा उत्साह दिखाना किसी के लिए भी ठीक नहीं है। धैर्य से कार्य करें, पार्टी की नजर टिकट के दावेदारों के प्रत्येक गतिविधियों पर है।
बैठक में सांसद पंकज चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष अरुण शुक्ल, जिले के प्रभारी विधायक कुशीनगर रजनीकांत मणि त्रिपाठी, निकाय चुनाव के जिले के प्रभारी डॉ.धर्मेंद्र सिंह, प्राक्कलन समिति के सभापति विधायक ज्ञानेंद्र सिह, विधान सभा में पार्टी के सचेतक विधायक बजरंग बहादुर सिंह, सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया, पूर्व विधायक शिवेंद्र सिह, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष जनार्दन गुप्त, पूर्व जिलाध्यक्ष समीर त्रिपाठी के अलावा तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।