Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Maharajganj News ›   A woman, who was a paternal aunt by kinship, executed the crime in a planned manner.

Maharajganj News: अपहृत मासूम को पुलिस ने सकुशल बचाया, आज होनी थी बलि

Sun, 08 Nov 2026 02:21 AM IST
Gorakhpur Bureau गोरखपुर ब्यूरो
Updated Sun, 08 Nov 2026 02:21 AM IST
विज्ञापन
A woman, who was a paternal aunt by kinship, executed the crime in a planned manner.
महराजगंज/ठूठीबारी। राजाबारी ग्राम पंचायत के टोला रमजीता से तीन नवंबर को अपहृत दो माह के मासूम को पुलिस ने सकुशल नई दिल्ली के कश्मीरी गेट बस स्टैंड से खोज निकाला है। दो माह के मासूम का अपहरण पट्टीदारी की बुआ लगने वाली महिला सावित्री ने किया था। मामले में पुलिस ने दो महिलाओं समेत एक अन्य को गिरफ्तार किया है।
विज्ञापन

तीन नवंबर को ठूठीबारी थाना क्षेत्र के ग्राम राजाबारी टोला रमजीता निवासी गोविंद ने पुलिस को सूचना दी कि रात करीब दो से चार बजे के बीच वह अपनी पत्नी और दो माह के बेटे विक्की के साथ घर में सो रहे थे। इसी दौरान कोई घर में घुसकर बच्चे को उठा ले गया। पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू की।
विज्ञापन

पुलिस अधीक्षक ने इस सनसनीखेज वारदात में ठूठीबारी पुलिस, एसओजी, स्वाट और डॉग ट्रैकर स्क्वायड की संयुक्त टीम को लगा रखा था। शनिवार को इसी संयुक्त टीम की मौजूदगी में दो माह के विक्की को उसके मां-बाप के सुपुर्द करते हुए टीम को इस कार्रवाई करने वाली संयुक्त टीम को 25 हज़ार रुपये नकद पुरस्कार की घोषणा की। संयुक्त टीम को यह सफलता लगभग 100 सीसीटीवी फुटेज खंगालने व तीन मोबाइल नंबरों को सर्विलांस पर लगाने के बाद मिली।
विज्ञापन
विज्ञापन


अमावस्या पर बलि के लिए हुई थी अबोध का अपहरण
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपहरण का राजफाश किया। उन्होंने बताया कि अपहृत मासूम को अमावस्या पर बलि देने की तैयारी थी। अगर पुलिस बच्चे के सकुशल बरामदगी में चूकती तो निश्चित तौर पर रविवार की रात उसकी बलि दे दी जाती। सीमित समय के भीतर पुलिस की इस सफलता ने अबोध को बलिबेदी तक पहुंचने से पहले खोज निकाला।

गर्भावस्था के समय से ही कर रहे थे रेकी
- दो माह के मासूम के अपहरण का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। राजाबारी ग्राम पंचायत के टोला रमजीता से तीन नवंबर को अपह्त मासूम के मामले में चाैंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस की जांच में अभियुक्तों ने स्वीकार किया है कि मासूम के जन्म के पहले से ही रेकी की की जा रही थी।
विक्की का अपहरण करने वाली महिला सावित्री राजाबारी गांव की बेटी है। उसकी शादी घुघली थाना क्षेत्र के कफवा गांव में उमेश के साथ हुई थी। उससे एक बेटा है जो मंदबुद्धि था। उमेश की मृत्यु के बाद लापता हो गया था। पति की मौत व बेटे को वापस पाने के लिए सावित्री अपनी मां सरस्वती के कहने पर नेपाल नवलपरासी जनपद के बेरियहवां में किसी झाड़फूंक करने वाले के संपर्क में थी।
पुलिस के मुताबिक उसने ही बताया कि अमावस्या पर ऐसी बलि का इंतजाम करे जो अपने मां-बाप की पहली संतान हो। इसी अंधविश्वास में पड़कर सावित्री व उसकी मां सरस्वती ने योजना तैयार कर राजाबारी गांव के गोविंद जिसकी हाल में शादी हुई थी उसके पत्नी की रेकी शुरू कर दी। यह रेकी सरस्वती व सावित्री योजनाबद्ध तरीके से कर रही थीं। इसी बीच सावित्री ने देवरिया निवासी करण गौतम से शादी भी की।
दरअसल, नेपाली सोखा ने बताया था कि बलि देने के बाद वह गर्भ धारण कर सकती है। चार माह पहले हुई शादी के बाद मां-बेटी ने बलि अंधविश्वास की योजना में उसे भी शामिल कर लिया। दो महीना पहले जब गोविंद की पत्नी ने बच्चे को जन्म दिया उसके बाद से सावित्री की मां सरस्वती ने रेकी तेज की और फोन के माध्यम से अपहृत मासूम की खबर देने लगी। तीन नवंबर की रात सावित्री व करण सरस्वती के कहने पर रात आठ बजे ठूठीबारी पहुंचे। सावित्री की मां उसे फोन पर पल-पल की खबर दे रही थी। रात में दो बजे उसने फोन पर बताया कि बच्चा और उसके मां-बाप सो गए हैं। इसके बाद रात्रि दो बजे
सावित्री व करण गांव में पहुंचे और करण किसी तरह गोविंद के घर में दाखिल हो गया। जिस कमरे में अबोध विक्की व मां-बाप सो रहे थे। उसने सबसे पहले जल रहे बल्ब को कपड़े से ढक दिया और बिजली आपूर्ति तार तोड़कर बाधित कर दिया। इसी बीच अंधेरे का लाभ लेकर सावित्री भी दाखिल हुई और भोर के लगभग चार बजे दो वर्षीय मासूम को उठाकर सोते समय ही बाहर उठा लाई। यह भी योजना थी कि अगर गोविंद व उसकी पत्नी बच्चे के रोने या किसी अन्य कारण से जग जाते तो बता देंगे कि मां सरस्वती से मिलने आए थे और सुबह ही घुघली निकलना है। इसलिए इसी समय भेंट-अंकवार (मिलना जुलना) के लिए चली आई।
लेकिन इस तैयारी की जरूरत नहीं पड़ी और दो माह का मासूम विक्की सोया ही रहा और सावित्री उसे लेकर बाहर निकलने में सफल रही। गांव से लगभग 500 मीटर दूर ठूठीबारी चौराहे पर गए जहां से सुबह पांच बजे जाने वाली रोडवेज जो चौराहे से निकलकर घुघली जाती उसपर सवार होकर निकल गए।

ठूठीबारी तिराहा पुल के बबलू सिंह के सीसीटीवी से मिला सुराग
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। ठूठीबारी चौराहा पुल के पास लगे बबलू सिंह के घर पर लगे सीसीटीवी फुटेज में करीब 3:57 बजे एक स्त्री व पुरुष बच्चे को ले जाते देखे गए। एचडी फुटेज की क्वालिटी काफी बेहतर थी जिससे गांव की बेटी रही सावित्री को पहचानने में कोई दिक्कत नहीं हुई। इसी सुराग से पुलिस ने सावित्री की मां सरस्वती का मोबाइल फोन सर्विलांस पर लगाया जिसमें उसकी बात लंबे-लंबे समय तक होती मिली तो शक गहराता गया और पुलिस ने सावित्री व करण का मोबाइल भी सर्विलांस पर लगवाया जिसके बाद लोकेशन ट्रेस करते हुए जांच में जुटी संयुक्त टीम ने शुक्रवार को नई दिल्ली के कश्मीरी गेट बस स्टैंड से सावित्री व करण को बच्चे के साथ सुरक्षित दबोच लिया और दोनों को अभिरक्षा में लेकर जनपद लौटी।


कश्मीरी गेट से नेपाल जाने की थी योजना
अधीक्षक ने बताया कि बच्चे को अपहृत कर सावित्री व करण उसे लेकर घुघली गए। इसी बीच तीन नवंबर को मामले में मुकदमा व पुलिस टीम लगाने की जानकारी मिलने पर उन्होंने चकमा देने की नीयत से अबोध को सीधे घुघली से नेपाल की तरफ लेकर जाने की जगह उसे लेकर गोरखपुर और वहां से दिल्ली के लिए निकल गए। दिल्ली पहुंचने के बाद वह दोनों कश्मीरी गेट बस स्टैंड से नेपाल जाने वाली ट्रैवलर बस में सवार होकर नेपाल के लिए निकलने वाले थे, लेकिन वह नेपाल की बस में सवार हो पाते इससे पहले जांच में लोकेशन ट्रेस कर रही पुलिस उनतक पहुंच गई और दो माह के मासूम को नेपाल की बलिबेदी पर जाने से पहले सुरक्षित कर लिया। पुलिस ने मामले में सावित्री, सरस्वती (55) और करण कुमार गौतम (22) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मासूम को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मामले में बीएनएस की संबंधित धाराओं और किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed