Yesvantpur-Gorakhpur Express: चलती ट्रेन में युवक से लूट, बेतवा नदी में फेंका; पीड़ित ने तैरकर बचाई जान
यात्री के पास टिकट नहीं था, जिस पर टीटीई ने ईएफटी रसीद काटी थी, जो उसके पास थी। यात्री के ट्रेन से गिरने के मामले में जांच की जा रही है, जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। अभी यात्री अपने घर चला गया है, उसने शिकायत नहीं दी है।
विस्तार
यशवंतपुर से चलकर गोरखपुर जा रही ट्रेन में बुधवार सुबह युवक से लूट हो गई। बदमाशों ने युवक को लूटने के बाद चलती ट्रेन से माताटीला बांध के पास बेतवा नदी में फेंक दिया। युवक ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचाई। ग्रामीणों की सूचना पर घायल युवक को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। रेलवे पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है।
प्रदेश के जिला गोरखपुर के ग्राम बेलमा रामकोला निवासी रामकरन (34) ने बताया कि वह बंगुलरु से यशवंतपुरम ट्रेन से गोरखपुर के लिए जा रहा था। युवक ने बताया कि बुधवार सुबह करीब तीन बजे उसके कोच में चार-पांच लोग आए और मारपीट करते हुए जेब में रखे 25 हजार रुपये व सामान छीन लिया। इसके बाद गेट पर लाए और चलती ट्रेन से बाहर फेंक दिया। वह पानी से भरी नदी में जा गिरा, जहां से वह तैर कर बाहर आ गया। नदी के निकलकर पास के ही थाना गांव पहुंचा। जहां उसने ग्रामीणों को आपबीती सुनाई।
इसके बाद ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस एंबुलेंस के साथ गांव में पहुंची। जहां से घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तालबेहट लाया गया। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
छोड़ दी थी जान बचने की आस
सीएचसी में उपचार कराने पहुंचे पीड़ित युवक ने बताया कि जब उसे बदमाशों ने लूटपाट के बाद गेट पर लाकर बाहर फेंका। तब उसने जान बचने की आस को छोड़ दी थी। उसने बताया कि माता रानी की कृपा की वह नदी में गिरा और बच गया।
रेलवे पुलिस मान रही घटना को संदिग्ध
रेलवे पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है। मामले में जीआरपी अफसरों घटनास्थल का निरीक्षण किया और युवक से बात की। ललितपुर जीआरपी थानाध्यक्ष नवीन कुमार का कहना है कि ट्रेन से माताटीला के पास गोरखपुर निवासी एक व्यक्ति ट्रेन से बेतवा नदी में गिरकर घायल हो गया था। यात्री के पास टिकट नहीं था, जिस पर टीटीई ने ईएफटी रसीद काटी थी, जो उसके पास थी। यात्री के ट्रेन से गिरने के मामले में जांच की जा रही है, जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। अभी यात्री अपने घर चला गया है, उसने शिकायत नहीं दी है।
कोतवाली अंतर्गत ग्राम थाना में ट्रेन से फेंके गए युवक के घायल अवस्था में होने की जानकारी हुई थी, जिस पर एंबुलेंस के साथ पहुंची पुलिस घायल को सीएचसी लाई, जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद झांसी रेफर किया गया है। -विनोद कुमार मिश्र, प्रभारी निरीक्षक, तालबेहट
मामला संदिग्ध लग रहा है। युवक ने घटना की कोई तहरीर भी नहीं दी है। मामले की जांच हो रही है। - नईम मंसूरी, सीओ जीआरपी