ललितपुर। थाना कोतवाली अंतर्गत क्षेत्र के राजघाट में बाईपास मोड़ पर नहर के पास एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल रात के अंधेरे में असंतुलित होकर गिर गई, जिससे बाइक सवार मजदूर की मौत हो गई। सुबह जानकारी मिलने पर राजघाट चौकी पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत कस्बा राजघाट के प्रेम नगर निवासी राजेश सिंह (42) पुत्र धीरज सिंह ठाकुर मजदूरी करता है और खेतों में ट्रैक्टर भी चलाता है। विगत दिनों सोमवार सुबह करीब साढ़े दस बजे वह पास के ही गांव रानीपुरा में ट्रैक्टर चलाने के लिए गया था। वहां से रात्रि में करीब साढ़े दस बजे रानीपुरा से लौटा, इसके बाद उसका शव अगले दिन मंगलवार की सुबह राजघाट में बाईपास मोड़ पर नहर के पास पड़ा मिला। साथ में उसकी मोटरसाइकिल भी पड़ी थी, जो गिरने के कारण क्षतिग्रस्त हो गई। संभावना जताई जा रही है, कि मोड़ पर तेज रफ्तार होने के चलते बाइक असंतुलित होकर गिर गई और उसकी मौके पर गंभीर चोटें आने के कारण मौत हो गई। मृतक के तीन पुत्र और दो पुत्री हैं। रानीपुरा निवासी सोन सिंह ने बताया कि राजेश उनका ट्रैक्टर चलाता था और बीते रोज वह रानीपुरा ट्रैक्टर चलाने के लिए गए थे। इसके बाद बाइक से लौटने के दौरान मोड़ पर यह हादसा हो गया। फिलहाल पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।