ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत मोहल्ला खिरकापुरा में हाईवे के पास मंदिर और विद्यालय के पास खुली देसी शराब बंद कराने की मांग को लेकर करणी सेना के नेतृत्व में मोहल्लेवासियों ने जाम लगा दिया और और काफी देर तक प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक व पुलिस के अधिकारियों के आश्वासन के बाद लोगों ने जाम खोला।
करणी सेना के जिलाध्यक्ष बंटू महाराज सनातनी एवं अन्य कार्यकर्ताओं के नेतृत्व में मोहल्ला खिरकापुरा के लोगों ने शुक्रवार की सुबह मोहल्ले की मुख्य सड़क पर हाईवे के पास देशी शराब की दुकान बंद कराने को लेकर दुकान के सामने ही जाम लगा दिया। इससे बाइपास मार्ग से आने जाने वाला ट्रैफिक जाम हो गया। लोगों का कहना था कि मोहल्ला खिरकापुरा में हाईवे के पास जो देशी शराब की दुकान है, वह सुरईघाट के नाम रजिस्टर्ड है और यह दुकान खिरकापुरा हाईवे के पास संचालित हो रही है। जिससे यहां मोहल्ले में मंदिर और विद्यालय आने जाने वाली महिलाओं को बच्चों को काफी परेशानी होती है, लोग शराब पीकर मंदिर आने-जाने वाले लोगों को देखकर अभद्रता करते हैं, महिलाओं पर फब्तियां कसते हैं और जब लोग विरोध करते हैं तो मारपीट कर झगड़ा पर उतारू रहते हैं। उन्होंने कई बार पहले भी यहां शराब की दुकान हटाने की मांग की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने पर शुक्रवार को स्थानीय लोगों व महिलाओं ने जाम लगा दिया। जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस और एसडीएम रमेश चंद्र मौके पर पहुंच गए और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान आयुष शर्मा, डॉ. दीपक पस्तोर, अंकुर दुुबे, डॉ. शरद तिवारी, अविनाश कुशवाहा, रवि कुशवाहा, मान सिंह, गोलू कुशवाहा, मोनू कुशवाहा, गनेश, रामपाल, सोनू समेत दर्जनों लोग शामिल रहे।