थाना महरौनी अंतर्गत ग्राम खितवांस में बीमारी से परेशान एक युवक ने गांव के बाहर आम के पेड़ पर फांसी लगाकर जान दे दी। युवक सात साल पहले हाइटेंशन करंट की चपेट में आने से झुलस गया था, इसके बाद ही वह परेशान चल रहा था। खितवांस चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्राम खितवांस निवासी जयपाल रजक (18) पुत्र इमरत करीब सात-आठ साल पहले गांव में ही मजदूरी करने गया था, जहां मकान के निर्माण के दौरान हाइटेंशन लाइन छूने से करंट लग गया था, जबकि उक्त घटना में गांव के एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। करंट लगने से जयपाल की हालत में सुधार नहीं हुआ। उसका तभी से इलाज चल रहा था। बीते रोज वह झांसी से इलाज कराके लौटा था, लेकिन फायदा नहीं मिला तो परिजन उसे सोमवार को दोबारा झांसी ले जाने की तैयारी कर रहे थे। लेकिन, बीमारी से परेशान जयपाल ने कठोर निर्णय ले लिया और सोमवार की सुबह अचानक घर से निकल गया और गांव से बाहर करीब एक किलोमीटर दूर ग्राम खजुरिया रोड पर आम के पेड़ पर रस्सी से फांसी लगाकर जान दे दी। दोपहर करीब बारह बजे जब ग्रामीण वहां से गुजरे तो युवक को पेड़ पर फांसी से लटकता देखा। जानकारी परिजनों व खितवांस पुलिस चौकी को दी, जिस पर पुलिस ने मौके पर पहुुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था।