ललितपुर। शुक्रवार को नगर पालिका परिषद से हटाए गए 300 आउटसोर्सिंग सफाई कर्मचारियों ने वापस लिए जाने की मांग को लेकर डीएम को ज्ञापन सौंपा है। बताया कि यदि शीघ्र वापस न किया गया तो वह उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
ज्ञापन में बताया कि नगर पालिका परिषद में आउटसोर्सिंग पर बीते वर्षों से कार्य करते आ रहे हैं। यहां तक की कोरोना काल में भी अपनी जान को जोखिम में डालकर साफ - सफाई की। सफाई कार्यों की प्रशंसा मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने की थी। उन्होंने सफाई सेवक की पदवी दी थी, लेकिन जनपद में नगर पालिका परिषद द्वारा आउट सोर्सिंग सफाई कर्मचारियों के साथ अन्याय किया गया है। उन्होंने बताया कि 300 कर्मचारियों को अधिकारी द्वारा हटाया गया है। इससे सभी कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। ज्ञापन में बताया कि परिवार का पालन पोषण करना मुश्किल हो गया है। वह मानसिक रूप से भी परेशान हो गए हैं। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही सभी कर्मचारियों को वापस न लिया गया तो न्याय के लिए घंटाघर पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। ज्ञापन पर अभय करौसिया, अनिल, अंकित, अभिषेक, देबू, राजेश, राहुल, लाखन, लाला, मंगल, मोहित, राना, प्रशांत, योगेश, शिवम, प्रभात आदि के हस्ताक्षर हैं।