बानपुर। बीते साल दिसंबर में एक ग्रामीण की हत्या कर शव को जलाकर सूखी नदी में फेंकने के आरोप में फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, अदालत ने उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।
बताते चलें कि दिसंबर 2020 में थाना बानपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मोंगान और ककड़ारी के समीप एक सूखी नहर में एक व्यक्ति का अधजला शव क्षत विक्षत अवस्था में पड़ा मिला था। उसकी शिनाख्त गोविंदी उर्फ बिट्टी सहरिया के रूप में हुई थी। मृतक सीमावर्ती मध्यप्रदेश के जिला टीकमगढ़ क्षेत्र अंतर्गत रामनगर सेवड़ा का निवासी था। आरोप है कि उसकी गांव के ही अशोक पाल, कन्नू पाल व उनके साथियों ने आपसी विवाद को लेकर हत्या कर दी थी और शिनाख्त छिपाने के उद्देश्य से शव को जला दिया था। बानपुर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। लेकिन, आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर थे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मौजूदगी में आरोपियों के घर पर नोटिस चस्पा कर गांव में डुगडुगी पिटवाई थी। गांव व क्षेत्र के सार्वजनिक स्थानों पर भी नोटिस चस्पा कर दिए गए थे। सोमवार को थानाध्यक्ष अलमा अहिरवार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नामजद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, अदालत ने दोनों को जेल भेज दिया।