ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मसौराकलां खुर्द के पास एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कार सवार मां और बेटी घायल हो गईं। दोनों अपने पुत्र के साथ अमझरा घाटी स्थित हनुमान मंदिर दर्शन को जा रहे थे कि यह हादसा हो गया। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उनको झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
मध्यप्रदेश के जिला निवाड़ी निवासी अमिता खरे (42) पत्नी अनिल खरे, अपनी पुत्री सोना (17) एवं पुत्र के साथ अपनी कार से निवाड़ी से ललितपुर के अमझरा घाटी स्थित हनुमान मंदिर दर्शन को जा रहे थे। मंगलवार को दोपहर में करीब डेढ़ बजे जैसे ही वह मसौरा बैरियर के आगे पुल पार कर रहे थे कि कार अनियंत्रित होकर पुल के दूसरी ओर उतरते समय सड़क किनारे उतरकर लड़खड़ाते हुए पलट गई, जिससे उसमें सवार मां- बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि उनका पुत्र सुरक्षित रहा। कुछ राहगीरों ने कार सवारों ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर होने पर दोनों घायल मां- बेटी को झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।