ललितपुर। थाना महरौनी अंतर्गत ग्राम अंडेला में पेड़ काटने को गए एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, परिजनों ने पुलिस अधीक्षक को एक शिकायती पत्र देकर कुछ लोगों पर जहरीला पदार्थ देकर मारने का आरोप लगाया है।
थाना महरौनी के ग्राम अंडेला निवासी जसवंत (26) पुत्र सुदामा लोधी शुक्रवार की दोपहर में दो बजे खेत पर अपने साथियों के साथ पेड़ काट रहा था। उसी दौरान वह अचानक से नीचे गिरकर बेसुध हो गया। जानकारी मिलने पर ग्रामीण व परिजन मौके पर पहुंचे तो देखा कि जसवंत मर चुका था। जानकारी मिलने पर महरौनी पुलिस मौके पर पहुंच गई। मृतक की पत्नी चांदनी ने पुलिस अधीक्षक को एक शिकायती पत्र देकर बताया कि 18 सितंबर को सुबह दस बजे गांव का ही एक युवक उसके घर आया और उसके पति जसवंत को घर से यह कहकर लिवा ले गया कि उसके खेत में खड़े रैवजा के पेड़ की कटाई होना है। उस समय घर पर वह और उसका देवर राजेश था। दोपहर में उसके घर पर गांव का एक व्यक्ति आया और बोला कि उसके दादा बुला रहे हैं। उसके जेठ फेरन व ससुर सुदामा गए, तो उसके पति जसवंत कछरा की बंदी ग्राम अंडेला जो गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर है, वहां मृत पड़े थे। वहां पर तीन लोग भी थे।वह लोग उसके घर आते-जाते थे। मृतक की पत्नी ने उन लोगों पर अपने साथ मजदूरी के बहाने ले जाकर खाने पीने में कोई जहरीला पदार्थ मिलाकर हत्या का आरोप लगाया है। मृतक के दो पुत्र हैं और वह चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। इस मामले में थानाध्यक्ष महरौनी अलमा अहिरवार ने बताया कि जहरीले कीड़ा के काटने से मौत का मामला सामने आया था और पंचनामा भी भरा है।