ललितपुर। लगातार बढ़ते कोरोना संक्रमण ने सभी को चिंतित कर दिया है। कोरोना की दूसरी लहर अत्यंत घातक साबित हो रही है। शनिवार और रविवार को घोषित किए गए लॉकडाउन में पहले दिन शनिवार को शहर में सन्नाटा पसरा रहा। लोग घरों में ही कैद रहे।
इस साल कोरोना संक्रमण से अब तक 18 मौतें हो चुकी हैं। शासन ने शुक्रवार की रात आठ बजे से सोमवार की सुबह सात बजे तक लॉकडाउन की घोषणा की है। शनिवार को इसका पूरा असर शहर में दिखा। कहीं भी दुकानें नहीं खुलीं। हालांकि लोगों ने खुद ही घरों में रहने में भलाई समझी और बाहर नहीं निकले, जिससे पुलिस प्रशासन को डंडा फटकारने की नौबत नहीं आई। रेलवे स्टेशन पर इक्का- दुक्का यात्री नजर आए। कमोबेश यही हाल बस स्टैंड का रहा। इसके अतिरिक्त शहर के अति व्यस्ततम रहने वाले घंटाघर, वर्णी चौराहा, तुवन चौराहा, ज्वैलर्स मार्केट आदि महत्वपूर्ण स्थानों पर दुकानें बंद कराने के लिए पुलिस को जहमत नहीं उठानी पड़ी। सभी जगहों पर व्यापारियों ने खुद जागरूकता दिखाई और प्रतिष्ठानों को बंद रखा। वहीं, पुलिस गश्त कर अपनी ड्यूटी निभाती रही। स्थिति यह रही कि अत्यावश्यक कार्य होने पर ही इक्का- दुक्का लोग सड़कों पर नजर आए।

दिन भर व्यस्त रहने वाले घंटाघर चौराहे पर लॉकडाउन में पसरा रहा सन्नाटा।- फोटो : LALITPUR

लॉकडाउन में सुनसान पड़ा बस स्टैंड।- फोटो : LALITPUR

स्टेशन पर नहीं दिखी भीड़।- फोटो : LALITPUR

लॉकडाउन में सुनसान स्टेशन रोड चौराहा।- फोटो : LALITPUR

तुवन चौराहे पर छाई वीरानी।- फोटो : LALITPUR

लॉकडाउन में सुनसान वर्णी चौराहा।- फोटो : LALITPUR