ललितपुर। थाना नाराहट अंतर्गत ग्राम चांदोरा में खेत पर फसल की कटाई करते समय एक किसान की सांप के डसने से मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के अनुसार 10 वर्ष पहले उसके पिता की भी सांप के डसने से मौत हो गई थी। मृतक के छह बच्चे हैं।
नाराहट क्षेत्र के ग्राम चांदोरा निवासी पप्पू (40) पुत्र रन्जोरे अहिरवार बृहस्पतिवार को दोपहर में साढ़े तीन बजे अपनी पत्नी गनेशी के साथ खेत पर गेहूं की कटाई के लिए गया था। कटाई के दौरान गेहूं के गठठे में छिपे एक काले सांप ने उसके पैर में डस लिया, जिससे वह चीखने लगा। यह देख पास ही कटाई का काम कर रही उसकी पत्नी ने देखा और परिजनों व आसपास के लोगों को जानकारी दी। परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई रत्ती ने बताया कि पप्पू के पांच पुत्री व एक पुत्र है। वह दो भाइयों में छोटा था। उसने यह भी बताया कि दस वर्ष पहले उसके पिता को भी घर में सोते समय सांप से डस लिया था, जिससे उनकी मौत हो गई थी। कुछ समय में उसके गांव में सांप के काटने की कई घटनाएं हो चुकी हैं।