ललितपुर। ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कें, पेयजल, स्ट्रील लाइटें आदि के लिए जिला पंचायत राज्य वित्त एवं केंद्रीय वित्त आयोग के अंतर्गत बजट जारी किया जाएगा। मंगलवार को जिला पंचायत अध्यक्ष कैलाश नरायण को मिले मुख्यमंत्री के पत्र में कहा गया कि विगत एक साल से जिला पंचायतें हॉटमिक्स पद्धति से अच्छी गुणवत्ता की सड़कें ग्रामीण क्षेत्रों में बना रहीं है इस तरह की सड़कें आप भी बनवाना शुरू कराए।
जिला पंचायतों पर भाजपा का परचम फहरने के बाद अब ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए सरकार ने कवायद शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री की ओर से जारी पत्र में बताया गया कि प्रदेश की जिला पंचायतों को राज्य वित्त एवं केंद्रीय वित्त आयोग के इसके अंतर्गत 2500 करोड़ की धनराशि जारी की जा रही है। अध्यक्ष की जिम्मेदारी है कि वह जिले को मिलने वाली धनराशि से ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल, स्वच्छता,स्ट्रीट लाइट और अच्छी गुणवत्ता की सड़कें बनवाएं। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत स्वायत्तशासी संस्था है इसे पूर्ण स्वायत्तता के लिए आर्थिक रूप से स्वावलंबी होना जरूरी है।। इसलिए जिला पंचायक को स्वंय के आय स्रोत बढ़ाने के लिए भी प्रयास करने चाहिए। जिला पंचायत अध्यक्ष कैलाश नारायण ने कहा कि मुख्यमंत्री ने जो उम्मीद जताई है उसी के अनुसार जिले में काम कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिकता के अनुसार विकास कार्य कराएंगे।