पाली। नीलकंठेश्वर धाम के पास स्थित डवुआ मंदिर के पुजारी के साथ पिकनिक मनाने आए युवकों ने मारपीट कर दी। पुजारी ने पुलिस से शिकायत की है। वहीं, मारपीट होने का सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।
रविवार को नीलकंठ मंदिर पर ललितपुर से कुछ युवक पिकनिक मनाने पहुंचे। यहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने मंदिर पर पिकनिक मनाने से उन्हें रोक दिया। इसके बाद लोग पहाड़ी के नीचे स्थित डवुआ के हनुमान मंदिर पर आकर पिकनिक मनाने लगे। मंदिर परिसर में रखी लकड़ी उठाने लगे तो पुजारी कैलाश (प्रदीप महाराज) ने मना किया। इससे युवक आक्रोशित हो गए और पुजारी से मारपीट करने लगे। मारपीट कर रहे युवकों को वहां मौजूद एक पुलिस कर्मी ने रोका, लेकिन वह नहीं माने। आसपास के लोगों ने बीच बचाव कर पुजारी को बचाया। पिटाई से पुजारी चोटिल हो गया। इस दौरान किसी ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। सूचना पर मंदिर कमेटी के सदस्य पुजारी को लेकर थाना पहुंचे और प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। वहीं, पाली सीओ रक्षपाल सिंह का कहना है कि पुजारी से ललितपुर से दर्शन करने पहुंचे एक व्यक्ति से खाना बनाने को लेकर विवाद होने का मामला प्रकाश में आया। जांच के दौरान मामले में पाया गया कि पुजारी द्वारा विपक्षी को खाना बनाने के लिए 200 रुपये में लकड़ी दी गई थी। रुपयों के लेनदेन को लेकर दोनों में विवाद हो गया था। कार्रवाई की जा रही है।